Bhopal में अकीदत और भाईचारे के साथ मनाई गई बकरीद, ताज-उल-मसाजिद में हजारों ने अदा की नमाज

Taj-ul-Masajid समेत शहरभर की मस्जिदों में ईद-उल-अजहा की नमाज, सोशल मीडिया पर कुर्बानी वीडियो न शेयर करने की अपील

Bhopal में अकीदत और भाईचारे के साथ मनाई गई बकरीद, ताज-उल-मसाजिद में हजारों ने अदा की नमाज

भोपाल। राजधानी में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार अकीदत, अमन और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। सुबह से ही शहर की ईदगाहों और मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के लोगों की भारी भीड़ नमाज अदा करने पहुंची। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और देश में शांति, खुशहाली और भाईचारे की दुआ मांगी। शहर की प्रमुख मस्जिद ताज-उल-मसाजिद समेत कई मस्जिदों में विशेष नमाज अदा की गई।

ताज-उल-मसाजिद में मांगी अमन और इंसाफ की दुआ

ताज-उल-मसाजिद में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने नमाज अदा की। नमाज के बाद इमाम द्वारा की गई खास दुआ में देश में अमन-ओ-अमान, इंसाफ और आपसी भाईचारा कायम रहने की गुजारिश की गई। इमाम ने कहा कि देश की तरक्की तभी संभव है, जब समाज में एकता, प्रेम और न्याय का वातावरण बना रहे। दुआ में प्रदेश की खुशहाली, विकास और स्थिरता के लिए भी प्रार्थना की गई। साथ ही बेरोजगारों को रोजगार, बीमारों को शिफा और परेशान लोगों को राहत देने की दुआ मांगी गई।

नमाज के दौरान मदरसों, मस्जिदों और सामाजिक संस्थाओं की सुरक्षा और तरक्की के लिए भी विशेष दुआ की गई। दीन की खिदमत में लगे लोगों के लिए रहमत और हिफाजत की कामना की गई। नमाज संपन्न होने के बाद लोगों ने एक-दूसरे से मुलाकात कर भाईचारे और मोहब्बत का संदेश दिया।

वक्फ बोर्ड के निर्देश, वीडियो शेयर न करने की अपील की

बकरीद के मौके पर मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड ने कुर्बानी को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बोर्ड की ओर से कहा गया है कि कुर्बानी केवल निर्धारित और चिन्हित स्थानों पर ही की जाए। ऐसे स्थानों को चारों तरफ से ढंकने और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न फैले।

वक्फ बोर्ड और धार्मिक संगठनों ने लोगों से अपील की है कि कुर्बानी के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा न करें। इसके अलावा ईद की नमाज केवल मस्जिदों और ईदगाह परिसरों में ही अदा करने की सलाह दी गई है। सार्वजनिक सड़कों और अन्य स्थानों पर नमाज अदा करने से बचने की अपील भी की गई है।