Bhopal में डीजे पर थिरके जवान, 72 घंटो की ड्यूटी के बाद पुलिस ने खेली होली
राजधानी में पुलिस कर्मियों ने नेहरू नगर पुलिस ग्राउंड में परिवार और सहकर्मियों के साथ जमकर होली खेली और जमकर गुलाल उड़ाया।
भोपाल:होली का रंग और उत्साह साफ तौर पर नजर आया। पूरे शहर में लोग गुलाल और रंगों के साथ त्योहार का आनंद ले रहे थे, वहीं कई जगहों पर होली के जुलूस और समारोह निकले। भोपाल की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने के लिए मध्य प्रदेश पुलिस के जवान बड़ी संख्या में विभिन्न इलाकों में तैनात रहे।

नेहरू नगर ग्राउंड में गुलाल और डीजे की धूम
वहीं होली के बाद गुरुवार को पुलिस कर्मियों ने भी अपनी छुट्टी का भरपूर आनंद लिया और अपने परिवार और मित्रों के साथ होली खेली। शहर के नेहरू नगर पुलिस ग्राउंड में आयोजित होली में पुलिस के सभी वरिष्ठ अधिकारी और जवानों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाया और डीजे की धुन पर जमकर थिरके। होली मिलन समारोह में रंग-गुलाल के साथ खास तौर पर कीचड़ और मिट्टी की होली भी खेली गई। पुलिस लाइन में आयोजित इस होली मिलन समारोह कार्यक्रम में DGP कैलाश मकवाना, पुलिस कमिश्नर संजय कुमार, एसीपी, आरआई सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
एडिशनल एसपी मोनिका शुक्ला की शुभकामनाएँ
एडिशनल एसपी मोनिका शुक्ला ने कहा कि तीन दिन की ड्यूटी के बाद पुलिस कर्मियों को अब अवसर मिला है कि वो भी अपना त्यौहार का मनाएं। भोपाल के नागरिकों को मैं धन्यवाद देना चाहती हूँ कि होली का त्यौहार शांति एवं सुरक्षा के साथ संपन्न हुआ।आज पुलिस कर्मियों को मौका है कि वे अपने सहकर्मियों, मित्रों और परिवार के साथ त्यौहार की खुशियाँ बाँटें और तनावमुक्त रहें।सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएँ।
sanjay patidar 
