भोपाल में तीन मंजिला मकान की छत पर लगी भीषण आग, 10 किमी दूर तक दिखाई दिया धुआं

भोपाल शहर के बाग उमराव दूल्हा इलाके में तीन मंजिला मकान की छत पर भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया।

भोपाल में तीन मंजिला मकान की छत पर लगी भीषण आग, 10 किमी दूर तक दिखाई दिया धुआं

भोपाल के ऐशबाग क्षेत्र के बाग उमराव दूल्हा इलाके में सोमवार दोपहर एक बड़ी आगजनी की घटना सामने आई। यहां एक तीन मंजिला मकान की छत पर अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेज थी कि उसका धुआं करीब 10 किलोमीटर दूर से भी दिखाई दे रहा था। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मकान की छत पर तेल के टिन रखे हुए थे। अचानक इनमें आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। तेल के कारण आग तेजी से फैलने लगी और लपटें करीब 10 फीट तक ऊपर उठने लगीं। कुछ ही मिनटों में पूरे इलाके में काला धुआं फैल गया, जिससे आसपास रहने वाले लोग घबरा गए और अपने घरों से बाहर निकल आए।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के फायर स्टेशनों से दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। बताया जा रहा है कि जिस बिल्डिंग में आग लगी, उसके ग्राउंड फ्लोर पर मीट की दुकान संचालित होती है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इलाके की गलियां संकरी होने के कारण दमकल की गाड़ियों को मौके तक पहुंचने में थोड़ी दिक्कत हुई, जिससे आग बुझाने में कुछ समय लग गया। हालांकि समय रहते दमकल कर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया और आग को फैलने से रोक दिया।

फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। शुरुआती अंदाजा लगाया जा रहा है कि छत पर रखे तेल के टिन में किसी कारण से आग लगी, जिसने तेजी से विकराल रूप ले लिया। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घरों की छतों पर ज्वलनशील पदार्थ रखने से बचें, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।