वॉटरफॉल में मिली किशोर की लाश, ग्रामीणों ने किया चक्का जाम
मऊगंज के नईगढ़ी थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय विवेक विश्वकर्मा की वॉटरफॉल में लाश मिलने से परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर चक्का जाम कर हंगामा किया।
मऊगंज: नईगढ़ी थाना क्षेत्र के डिहिया गांव के रहने वाले 16 वर्षीय विवेक विश्वकर्मा की वॉटरफॉल में लाश मिलने से परिजनों एवं ग्रामीणों ने सड़क पर हंगामा किया। सैकड़ों लोगों ने सड़क पर शव रखकर चक्का जाम किया। ग्रामीणों का कहना है कि विवेक की हत्या कर आरोपियों ने शव को वॉटरफॉल में फेंक दिया है, लेकिन पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है।

बता दें कि सोमवार की सुबह नईगढ़ी थाना क्षेत्र के देवलहा वॉटरफॉल में एक शव दिखाई दिया। शव को निकालने के बाद परिजनों ने उसकी पहचान बीते 24 फरवरी से लापता किशोर विवेक विश्वकर्मा के रूप में की।

फिलहाल मौके पर एसडीएम राजेश मेहता एवं एसडीओपी सचि पाठक सहित भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। पूरा लालगंज तिराहा पुलिस छावनी में तब्दील हो चुका है। लेकिन ग्रामीणों का आक्रोश रुकने का नाम नहीं ले रहा है। ग्रामीणों की मांग है कि आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाए। वहीं कार्रवाई में हुई लेट-लतीफी पर जिम्मेदारी तय की जाए।

आक्रोशित परिजनों एवं ग्रामीणों का कहना है कि जब तक कलेक्टर और एसपी मौके पर नहीं पहुंचेंगे और उनकी समस्याओं का समाधान नहीं करेंगे, तब तक सड़क से शव को नहीं उठाया जाएगा।

