नासिक IT कंपनी विवाद पर बजरंग दल का प्रदर्शन:भोपाल में लगे इस्लामिक जिहाद मुर्दाबाद के नारे

भोपाल में बजरंग दल ने नासिक की आईटी कंपनी में महिला कर्मचारियों के कथित यौन शोषण और धार्मिक उत्पीड़न के विरोध में डीबी मॉल के सामने प्रदर्शन कर पुतला दहन किया।

नासिक IT कंपनी विवाद पर बजरंग दल का प्रदर्शन:भोपाल में लगे इस्लामिक जिहाद मुर्दाबाद के नारे

भोपाल:महाराष्ट्र के नासिक स्थित एक मल्टीनेशनल आईटी कंपनी में सामने आए हिंदू महिला कर्मचारियों के यौन शोषण और धार्मिक उत्पीड़न के आरोपों को लेकर राजधानी भोपाल में शुक्रवार को बजरंग दल ने उग्र प्रदर्शन किया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने एमपी नगर स्थित डीबी मॉल के सामने पैदल मार्च निकालते हुए जोरदार विरोध दर्ज कराया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता, किया पुतला दहन

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। नारेबाजी करते हुए उन्होंने आरोपियों का पुतला जलाया। इलाके में कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

महिला कर्मचारियों के शोषण का आरोप

 बजरंग दल कार्यकर्ताओं का आरोप है कि नासिक की आईटी कंपनी में महिला कर्मचारियों के साथ लंबे समय से मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया जा रहा था। साथ ही उन पर धार्मिक दबाव डालने की भी कोशिश की जा रही थी, जिसे लेकर संगठन में भारी आक्रोश है।

कड़ी कार्रवाई की मांग

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई।

इस्लामिक जिहाद मुर्दाबाद के नारे

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए नारे लगाए। इनमें “इस्लामिक जिहाद मुर्दाबाद”, “देश के गद्दारों को गोली मारो”, “लव जिहाद बंद करो” जैसे नारे शामिल रहे। इस दौरान कुछ कार्यकर्ता दाढ़ी-टोपी वाला पुतला भी लेकर पहुंचे, जिसके साथ उन्होंने प्रदर्शन किया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।

7 आरोपी गिरफ्तार, SIT गठित

जानकारी के मुताबिक, इस मामले में 9 महिला कर्मचारियों और एक युवक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कंपनी के टीम लीडर्स और एचआर मैनेजर पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पीड़ितों का कहना है कि उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।महाराष्ट्र पुलिस ने इस मामले में अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं राज्य सरकार ने मामले की गहराई से जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है, ताकि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच हो सके।