भोपाल में रिटायर्ड फौजी से 25 लाख की ठगी का आरोप

भोपाल में एक रिटायर्ड आर्मी जवान से बार किराये के नाम पर 25 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। होटल मालिक पर पैसे लेने के बाद जबरन कब्जा करने और एग्रीमेंट न करने का आरोप है, जिसकी शिकायत पुलिस में की गई है।

भोपाल में रिटायर्ड फौजी से 25 लाख की ठगी का आरोप
google

भोपाल: मिसरोद निवासी रिटायर्ड आर्मी जवान पुरुषोत्तम तिवारी के साथ ठगी का मामला सामने आया है। यह मामला रानी कमलापति स्टेशन के सामने स्थित होटल ज्वेल्स के अंदर संचालित जैकपॉट बार से जुड़ा है। तिवारी के अनुसार उन्होंने यह बार 2 लाख प्रतिमाह किराये पर लिया था, लेकिन जैकपोट बार के मालिक नवीन अरोड़ा ने उनसे अलग-अलग बहानों से कुल 25 लाख रुपये वसूल लिए।

बिना एग्रीमेंट लिए पैसे वसूलने का आरोप

इसमें शुरुआती रकम, बैंक गारंटी और लाइसेंस रिन्यू के नाम पर पैसे लिए गए, लेकिन इसके बावजूद कोई लिखित एग्रीमेंट नहीं किया गया और हर बार बहाने बनाकर प्रक्रिया को टाल दिया गया।तिवारी का आरोप है कि बाद में जैकपोट बार के मालिक ने जबरन उनके ताले तोड़कर बार पर कब्जा कर लिया।

RTGS-NEFT के सबूत होने का दावा

पुरुषोत्तम तिवारी ने बताया कि करीब 2 लाख का सामान, जिसमें शराब, बियर, किचन उपकरण और डीप फ्रीजर अंदर रखे थे, होटल मालिक ने अपने कब्जे में ले लिया। मेरे ताले तोड़कर अपना ताला लगा दिया है। पीड़ित का कहना है कि उनके पास सभी लेन-देन के RTGS और NEFT के पुख्ता सबूत मौजूद हैं। 

उन्होंने इस मामले की शिकायत हबीबगंज थाना सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों से की है। तिवारी के मुताबिक, पुलिस के सामने आरोपी ने कई बार पैसे लौटाने की बात मानी, लेकिन अब वह अपने वादे से मुकर रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पहले भी अन्य लोगों के साथ इसी तरह की धोखाधड़ी कर चुका है।

पीड़ित ने बताया कि-

"12 फरवरी 2026 को आबकारी आयुक्त को शिकायत की गई थी, लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराने पर आबकारी स्टाफ बार पहुंचा और होटल मालिक से मिलकर अंदर रखा उनका सामान हटवा दिया। तिवारी ने आरोप लगाया कि विभाग की मिलीभगत से उन्हें न्याय नहीं मिल रहा है।"