सांसद पर टिप्पणी करने वाला यूट्यूबर क्राइम ब्रांच में पेश, पढ़ें इंदौर क्राइम की आज की खबरें

उत्तर प्रदेश के यूट्यूबर जतिन मिश्रा ने एक बार फिर माफी मांगी और अधिकारियों के सामने पेश होकर आश्वासन भी दिया कि भविष्य में वे इस तरह का कोई कंटेंट नहीं बनाएंगे।

सांसद पर टिप्पणी करने वाला यूट्यूबर क्राइम ब्रांच में पेश, पढ़ें इंदौर क्राइम की आज की खबरें

विवादित वीडियो पर यूट्यूबर जतिन मिश्रा ने मांगी माफी

इंदौर में सांसद को लेकर सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में उत्तर प्रदेश के यूट्यूबर जतिन शुक्ला सोमवार को क्राइम ब्रांच कार्यालय पहुंचे। जहां पुलिस के नोटिस के बाद उन्होंने अधिकारियों के सामने पेश होकर अपना बयान दर्ज कराया और भविष्य में इस तरह का कंटेंट न बनाने की बात कही।

दरअसल, कुछ समय पहले यूट्यूबर जतिन शुक्ला ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो अपलोड किया था, जिसमें इंदौर के सांसद शंकर लालवानी को लेकर टिप्पणी की गई थी। वीडियो सामने आने के बाद इस पर विवाद खड़ा हो गया था। मामले में सांसद के प्रतिनिधि द्वारा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि वीडियो में की गई टिप्पणी आपत्तिजनक है और इससे जनभावनाएं प्रभावित हुई हैं। जिसने शिकायत के आधार पर इंदौर पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए यूट्यूबर जतिन शुक्ला के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था।

इसके बाद क्राइम ब्रांच ने उन्हें नोटिस जारी कर बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया था। जिसमें सोमवार को नोटिस के तहत जतिन इंदौर पहुंचे और क्राइम ब्रांच कार्यालय में एडिशनल डीसीपी सहित अन्य अधिकारियों के सामने उपस्थित हुए। इस दौरान जतिन ने कहा कि उनका किसी की भावनाओं को आहत करने का इरादा नहीं था। उन्होंने पुलिस के सामने माफी मांगते हुए भविष्य में इस तरह का कंटेंट न बनाने का आश्वासन भी दिया। फिलहाल पुलिस ने उनके बयान दर्ज कर लिए हैं और वीडियो से जुड़े तकनीकी पहलुओं सहित पूरे मामले की जांच जारी है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गेर में शामिल होने से पहले 80 लोगों को पुलिस ने पकड़ा

इंदौर में रंग पंचमी के मौके पर निकलने वाली ऐतिहासिक गेर के दौरान पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आई। इस बार गेर में पांच लाख से ज्यादा लोग शामिल हुए, वहीं कुछ असामाजिक तत्व भी कार्यक्रम में शामिल होने की कोशिश कर रहे थे। इंदौर क्राइम ब्रांच ने ऐसे करीब 80 लोगों को गेर में शामिल होने से पहले ही रोक लिया और उनके रिकॉर्ड की जांच की।

दरअसल, इंदौर में कल रंग पंचमी के अवसर पर निकलने वाली पारंपरिक गेर में इस बार भारी भीड़ उमड़ी। रंगों से सराबोर इस उत्सव में करीब पांच लाख से अधिक लोग शामिल हुए। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा भी गैर में शामिल होने की कोशिश की जा रही थी, जिसे लेकर पुलिस पहले से अलर्ट थी। इंदौर क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए ऐसे करीब 80 लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने से पहले ही रोक लिया। इसके बाद सभी लोगों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और मौजूदा परिस्थितियों का पुलिस द्वारा अवलोकन किया गया।

जांच के दौरान 25 लोगों के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने धारा 151 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की, जबकि बाकी लोगों का बैकग्राउंड चेक करने के बाद उन्हें गैर के उत्सव के समाप्त होने पर छोड़ दिया गया।वही पुलिस की मुस्तैदी और सतर्क व्यवस्था के चलते इस बार रंग पंचमी की गैर शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई और कहीं भी किसी तरह की अप्रिय स्थिति सामने नहीं आई।

बदमाशों के साथ जन्मदिन पार्टी मनाने वाले हेड कॉन्स्टेबल निलंबित

इंदौर में बदमाशों के साथ जन्मदिन पार्टी मनाने के मामले में इंदौर पुलिस कमिश्नर ने सख्त कार्रवाई करते हुए हेड कॉन्स्टेबल को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई उस समय की गई जब सोशल मीडिया पर पुलिसकर्मी के साथ आपराधिक पृष्ठभूमि वाले युवकों के फोटो और वीडियो वायरल हो गए। इस मुद्दे पर एडिशनल डीसीपी क्राइम ने बताया कि परदेसी पुरा थाने में पदस्थ आरक्षक जीतू सरदार के जन्मदिन पर संयोगिता गंज थाने के लिस्टेड बदमाश आकृत बोयत, आयुष बोयत और दीनू बोयत द्वारा सरदार का हार फूल माला से स्वागत किया था और केक काटने का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था।

इसी वीडियो को आरक्षक जीतू सरदार ने अपनी डीपी पर भी डाला था। वीडियो सामने आने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने तुरंत संज्ञान लिया और वीडियो-फोटो की प्रारंभिक जांच कराई गई। जांच में सामने आया कि परदेशीपुरा थाने में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल जीतू सरदार ने अपने जन्मदिन के अवसर पर आपराधिक रिकॉर्ड वाले युवकों के साथ फोटो खिंचवाए और उनसे गुलदस्ता लेने के साथ केक भी कटवाया था। पुलिस नियमावली के अनुसार किसी भी पुलिसकर्मी का अपराधियों के साथ इस तरह का मेल-जोल अनुशासनहीनता माना जाता है।

एडिशनल डीसीपी के अनुसार सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि हिस्ट्रीशीटर परिवार से जुड़े युवक कार्यक्रम में मौजूद थे और हेड कॉन्स्टेबल के साथ फोटो-वीडियो बनवा रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर तत्काल प्रभाव से संबंधित हेड कॉन्स्टेबल को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है और अपराधियों के साथ किसी भी प्रकार की दोस्ती या सांठगांठ बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच भी की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

गेर के दौरान मोबाइल-सोने की ज्वेलरी चोरी करने की साजिश रचने वाली गैंग पकड़ाई

इंदौर की प्रसिद्ध रंगपंचमी गेर के दौरान मोबाइल और सोने की ज्वेलरी चोरी करने की साजिश रचने वाली गैंग को क्राइम ब्रांच और छोटी ग्वालटोली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पकड़ लिया। आरोपियों को सरवटे बस स्टैंड के आसपास होटलों में सर्चिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया। चौकाने वाली बात यह है कि सभी बीस आरोपी फ्लाईट से आए थे और सरवटे बस स्टेंड को होटल में रुके हुए थे। इस गंभीर विषय में एडिशनल डीसीपी रामसनेही मिश्रा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बाहरी राज्यों से आए कुछ संदिग्ध लोग गेर के दौरान बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।

इसके बाद क्राइम ब्रांच और स्थानीय ग्वालटोली पुलिस ने संयुक्त रूप से सरवटे बस स्टैंड और आसपास के होटलों में सर्चिंग अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान बिहार के चंपारण और आसपास के इलाकों से आए कुछ आरोपियों को पकड़ा गया, जो फ्लाइट से इंदौर पहुंचे थे, हिरासत में लिए गए 15 संदिग्ध बिहार के पूर्वी पश्चिमी चंपारण से फ्लाईट में बैठकर इंदौर आए थे, वहीं पांच आरोपी नेपाल के काठमांडू से फ्लाईट से इंदौर पहुंचे थे।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि नेपाल से भी पांच संदिग्ध लुटेरे फ्लाइट के जरिए इंदौर आए थे। सभी का उद्देश्य रंगपंचमी की प्राचीन गेर में शामिल होने वाली करीब पांच लाख की भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल और सोने के आभूषण चोरी करना था। सभी आरोपी होटल नीलम और होटल गौरव में रुके हुए थे। पुलिस के मुताबिक आरोपी भीड़भाड़ वाले आयोजनों में जेबकतरी और लूट की वारदात करने में माहिर हैं। समय रहते कार्रवाई कर पुलिस ने बड़ी घटना को टाल दिया। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 18 से अधिक चोरी के मोबाइल बरामद किए

इंदौर की रंगपंचमी गेर के दौरान चोरी हुए मोबाइलों के मामले में एक ऑटो चालक की सतर्कता पुलिस के लिए अहम साबित हुई, ऑटो में छोटे बच्चे को लेकर बैठी संदिग्ध दंपत्ति को ऑटो चालक ने छोटी ग्वालटोली पुलिस को दी, लेकिन भनक लगते ही दंपत्ति बैग छोड़कर भाग गए। सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 18 से अधिक चोरी के मोबाइल बरामद किए और सात लोगों को उनके मोबाइल वापस लौटाए।

एडिशनल डीसीपी रामसनेही मिश्रा के अनुसार रंगपंचमी की गेर के दौरान भीड़ में मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह सक्रिय थे। इसी बीच एक ऑटो चालक ने एक दंपत्ति और उनके साथ एक छोटे बच्चे को बैठाकर सरवटे बस स्टैंड तक छोड़ा। यात्रा के दौरान दंपत्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर चालक को शक हुआ। ऑटो चालक ने तुरंत छोटी ग्वालटोली थाना पुलिस को इसकी सूचना दे दी। पुलिस को सूचना मिलने की भनक लगते ही दंपत्ति घबरा गए और अपना बैग ऑटो में ही छोड़कर मौके से भाग निकले। जब पुलिस ने बैग की जांच की तो उसमें 18 मोबाइल फोन मिले, जो गेर के दौरान चोरी किए गए थे।

पुलिस ने बरामद मोबाइलों में से सात मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंप दिए हैं, जबकि अन्य मोबाइलों के मालिकों की तलाश की जा रही है। एडिशनल डीसीपी मिश्रा ने बताया कि ऑटो चालक की सतर्कता से एक बड़ा गिरोह भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल लेकर भागने में सफल हो सकता था, लेकिन उसकी मुस्तैदी से यह वारदात टल गई। पुलिस ने ऑटो चालक की पहचान गोपनीय रखते हुए उसे इनाम देने की घोषणा भी की है।

3 युवकों का हाथों में चाकू-तलवार लेकर डांस करते वीडियो वायरल

इंदौर में सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें तीन युवक हाथों में चाकू और तलवार लेकर डांस करते हुए दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो बाणगंगा थाना क्षेत्र का है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है और मामले की जांच शुरू कर दी है। दरअसल वायरल हो रहे इस वीडियो में तीन युवक खुलेआम हाथों में चाकू और तलवार लेकर डांस करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो बाणगंगा थाना क्षेत्र का है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।

वीडियो सामने आने के बाद बाणगंगा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान करने में जुटी हुई है।जिसमें पुलिस पुराने आपराधिक रिकॉर्ड, स्थानीय जानकारी और अन्य तकनीकी माध्यमों की मदद से वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि युवकों की पहचान होते ही उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह वीडियो कब और कहां बनाया गया था।

दो पक्षों के बीच जमकर हथियार चले, महिलाएं और बच्चे भी आपस में भिड़ें

इंदौर के एक मकान में पोंछा लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर हथियार चले, जिसमें महिलाओं और बच्चे भी आपस में भिड़ गए, इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। दरअसल इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र के नगीन नगर के एक दो मंजिला मकान में पोंछा लगाने की बात पर मकान के ऊपरी मंजिल और निचली मंजिल के किराएदारों के बीच जमकर हथियार चले।

रंगपंचमी को जहां रंग गुलाल लगाकर त्यौहार मना रहे थे वहीं दोनों परिवारों के बीच जमकर लात घूंसे चल रहे थे, जहां सोहन और शुभम के परिवारों के बीच हथियार पत्थर और जमकर लात घूंसे चले। विवाद के दौरान मौके पर लगे सीसीटीवी में घटना रिकॉर्ड हो गई जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।  इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है और दोनों ही पक्षों की शिकायत पर जांच की जा रही है।