Lakhisarai Stampede : लखीसराय के अशोकधाम मंदिर भगदड़ में 7 श्रद्धालुओं की मौत, सावन सोमवार पर पहुंची थी भारी भीड़

बिहार के लखीसराय में सोमवार को भगदड़ मच गई। हादसे में 7 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 12 से ज्यादा घायल बताये जा रहे है।

Lakhisarai Stampede : लखीसराय के अशोकधाम मंदिर भगदड़ में 7 श्रद्धालुओं की मौत, सावन सोमवार पर पहुंची थी भारी भीड़

Lakhisarai Stampede : लखीसराय। लखीसराय के प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए उमड़ी भारी भीड़ के बीच भगदड़ मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में सात श्रद्धालुओं की मौत हुई है, जबकि 12 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। सभी मृतक महिलाओं के होने की जानकारी सामने आई है।

बिजली के खंभे को लेकर फैली अफवाह

हादसे के दौरान बिजली का खंभा गिरने की बात सामने आई। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच यह अफवाह फैल गई कि बिजली का तार गिर गया है और करंट फैल गया है। डर के कारण लोग अचानक भागने लगे। इससे भीड़ का दबाव बढ़ गया और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। डीएम के अनुसार, खंभा पुरुष श्रद्धालुओं की कतार की ओर गिरा था और इसके बाद महिलाओं की लाइन पर भीड़ का दबाव बढ़ गया।

दो ट्रेनों से अचानक बढ़ी भीड़

लखीसराय के डीएम शैलेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि, पुरुषों की लाइन की तरफ एक खंबा गिर गया था। इसके बाद भीड़ में यह अफवाह फैली की चालू बिजली की तार लोगों पर गिर गई है। पुरुषों की तरफ से भीड़ का दबाव महिलाओं की लाइन पर पड़ा। इसके बाद भगदड़ मच गई। जबकि बाद में पता चला कि, यह तार चालू बिजली का नहीं बल्कि केबल वायर (डिश/इंटरनेट का तार) था। 

डीएम ने बताया कि मंदिर में पहले से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। सुबह करीब 6:30 से 6:45 बजे के बीच दो ट्रेनें अशोकधाम हॉल्ट पर रुकीं। इससे श्रद्धालुओं की संख्या अचानक बढ़ गई। भीड़ के दबाव में मंदिर की एक तरफ लगी बैरिकेडिंग टूट गई। इसके बाद कई लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर गए और भगदड़ मच गई। डीएम के मुताबिक प्रशासन की टीम सुबह से ही मौके पर मौजूद थी और सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही थी।

अस्पताल में घायलों का इलाज

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और मेडिकल टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को एंबुलेंस से लखीसराय सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई गई है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है।

CM सम्राट चौधरी ने जताया दुख

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से पोस्ट साझा कर कहा कि, लखीसराय के अशोकधाम की घटना अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर से मन व्यथित है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के समुचित एवं त्वरित इलाज के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

प्रत्यक्षदर्शी ने उठाए सुरक्षा पर सवाल

एक प्रत्यक्षदर्शी विनोद कुमार ने प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि प्रवेश द्वार पर धक्का-मुक्की के दौरान बांस की बैरिकेडिंग टूट गई। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी भीड़ में दब गई, जबकि उनकी एक बेटी के लापता होने की बात कही। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।