अंशुल तिवारी बने भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी, राजगढ़ जिले को पहली बार मिला प्रदेश स्तर पर प्रतिनिधित्व

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने राजगढ़ जिले के युवा कार्यकर्ता अंशुल तिवारी को बड़ी संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी है. पार्टी ने उन्हें मध्यप्रदेश भाजपा का प्रदेश सह मीडिया प्रभारी नियुक्त किया है.

अंशुल तिवारी बने भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी, राजगढ़ जिले को पहली बार मिला प्रदेश स्तर पर प्रतिनिधित्व

भोपाल: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने राजगढ़ जिले के युवा कार्यकर्ता अंशुल तिवारी को बड़ी संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी है. पार्टी ने उन्हें मध्यप्रदेश भाजपा का प्रदेश सह मीडिया प्रभारी नियुक्त किया है. जिले के कार्यकर्ता को प्रदेश स्तर पर अहम दायित्व मिलने से भाजपा कार्यकर्ताओं में हर्ष और उत्साह का माहौल है. यह नियुक्ति न केवल संगठन में युवाओं पर बढ़ते विश्वास को दर्शाती है, बल्कि राजगढ़ जिले को पहली बार प्रदेश स्तर पर प्रतिनिधित्व मिलने का गौरवपूर्ण क्षण भी है.

युवा कार्यकर्ताओं में उत्साह

अंशुल तिवारी की नियुक्ति से राजगढ़ सहित पूरे मध्यप्रदेश के युवा कार्यकर्ताओं में उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है. संगठन का मानना है कि उनकी सक्रियता, वैचारिक स्पष्टता और मीडिया के क्षेत्र में मजबूत पकड़ पार्टी की संचार रणनीति को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी. अंशुल तिवारी ने भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष के रूप में संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त किया. इसके बाद भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष रहते हुए उन्हें प्रदेश के कई जिलों का प्रभार सौंपा गया. जहां उन्होंने निरंतर प्रवास कर संगठनात्मक ढांचे को मजबूती प्रदान की.

अंशुल में संगठन संचालन की क्षमता

युवा नेतृत्व को और अधिक मजबूती देने के उद्देश्य से भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष पद के लिए भी उनके नाम को प्रमुखता से रखा गया था. संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों का मानना है कि अंशुल तिवारी में संगठन संचालन की क्षमता, व्यापक प्रवास, तेज़ रणनीतिक दृष्टि और प्रभावशाली वक्तृत्व कला का दुर्लभ संयोजन है. मीडिया जगत में भी उनकी विश्वसनीयता और संवाद क्षमता विशेष रूप से सराही जाती रही है।

प्रदेश सह मीडिया प्रभारी के रूप में अंशुल तिवारी अब पार्टी की रीति-नीति, सरकार की उपलब्धियों और संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से प्रदेश के अंतिम पंक्ति तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। साथ ही, प्रदेश की मीडिया रणनीति को और अधिक धारदार, समन्वित और परिणामोन्मुख बनाने में उनकी भूमिका निर्णायक मानी जा रही है.

पार्टी नेतृत्व को पूर्ण विश्वास है कि अंशुल तिवारी इस नई जिम्मेदारी का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ करते हुए भारतीय जनता पार्टी की मीडिया एवं संचार व्यवस्था को नई उपलब्धियों तक पहुंचाएंगे.