Bhopal Traders Protest : भोपाल में सीलिंग के खिलाफ व्यापारियों का पैदल मार्च, पुलिस से हुई धक्का-मुक्की

Bhopal Traders Protest : प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वे शांतिपूर्ण तरीके से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को ज्ञापन सौंपने जा रहे थे। पुलिस द्वारा रोकने के बाद तनाव की स्थिति बनी।

Bhopal Traders Protest : भोपाल में सीलिंग के खिलाफ व्यापारियों का पैदल मार्च, पुलिस से हुई धक्का-मुक्की

Bhopal Traders Protest : मध्य प्रदेश। भोपाल में नगर निगम की लगातार चल रही सीलिंग कार्रवाई के विरोध में व्यापारियों का प्रदर्शन तेज हो गया है। मंगलवार को भोपाल व्यापारी महासंघ के नेतृत्व में सैकड़ों व्यापारी टीटी नगर स्थित नानके पेट्रोल पंप के पास जुटे। व्यापारियों ने अपनी मांगों और समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री आवास तक पैदल मार्च निकालने का फैसला किया। इसी दौरान पुलिस द्वारा की गई बैरिकेटिंग हटाते समय प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हल्की धक्का-मुक्की हो गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वे मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से जुड़ा ज्ञापन सौंपना चाहते हैं। 

थाली, शंख और डमरू बजाकर जताया विरोध

प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने अलग तरीके से अपनी बात सरकार तक पहुंचाने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों ने थालियां और बर्तन बजाए। इसके साथ ही शंख और डमरू बजाकर भी विरोध जताया गया।

व्यापारियों का कहना था कि पिछले कई दिनों से वे अलग-अलग माध्यमों से अपनी समस्याओं की ओर सरकार का ध्यान खींच रहे हैं। भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स और अन्य व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बावजूद समाधान नहीं निकलने पर अब उन्हें यह तरीका अपनाना पड़ा है।

बैरिकेडिंग कर व्यापारियों को रास्ते में रोका

व्यापारियों के मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने से पहले ही पुलिस और जिला प्रशासन ने रास्ते में बैरिकेडिंग कर दी। व्यापारियों को आगे जाने से रोक दिया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वे शांतिपूर्ण तरीके से मुख्यमंत्री से मिलने जा रहे थे और केवल ज्ञापन सौंपना चाहते थे। पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बनी। इस दौरान व्यापारियों और पुलिसकर्मियों के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई।

बैरिकेड हटाने के दौरान कुछ व्यापारी गिरे

प्रदर्शन के दौरान कुछ व्यापारियों ने बैरिकेड हटाने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच खींचतान की स्थिति बनी। कुछ रिपोर्टों के अनुसार धक्का-मुक्की में कुछ कारोबारी सड़क पर गिर गए।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात किया। मौके पर कई थानों से पुलिसकर्मियों को बुलाया गया। पुलिस की कोशिश रही कि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब न हो।

सीलिंग कार्रवाई को लेकर कई इलाकों में नाराजगी

नगर निगम की कार्रवाई को लेकर भोपाल के कुछ दूसरे इलाकों में भी व्यापारियों और दुकानदारों की नाराजगी सामने आई। अरेरा कॉलोनी सहित कुछ क्षेत्रों में निगम की कार्रवाई के दौरान व्यापारियों की कर्मचारियों से बहस हुई। कुछ लोगों ने सड़क पर विरोध जताते हुए जाम लगाने की कोशिश भी की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया।

मुख्यमंत्री से सीधे मिले प्रतिनिधिमंडल

व्यापारी संगठनों का कहना है कि सीलिंग कार्रवाई से कारोबार प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि वे अपनी समस्याओं को मुख्यमंत्री के सामने सीधे रखना चाहते हैं। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री आवास तक पैदल मार्च की योजना बनाई गई थी। व्यापारियों ने मांग की कि उनकी समस्याओं पर सरकार गंभीरता से विचार करे और कारोबारियों को राहत देने के लिए उचित समाधान निकाला जाए।

अदालत के आदेश का दिया हवाला

नगर निगम का कहना है कि संबंधित कार्रवाई अदालत के आदेशों के पालन के तहत की जा रही है। निगम के अनुसार जिन लोगों ने स्वेच्छा से संबंधित स्थान बंद किए हैं, उनका पंचनामा तैयार किया जा रहा है। निगम का कहना है कि मामले से जुड़े कानूनी पहलुओं पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही कार्रवाई की जा रही है। सीलिंग से जुड़ा मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है।

15 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट में अगली सुनवाई

सीलिंग कार्रवाई से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट में अगली सुनवाई 15 सितंबर को प्रस्तावित है। व्यापारियों की नजर अब इस सुनवाई पर भी है। व्यापारी संगठन चाहते हैं कि सरकार और संबंधित एजेंसियां उनकी समस्याओं का समाधान निकालें।

वहीं प्रशासन और नगर निगम अदालत के निर्देशों के अनुसार कार्रवाई जारी रखने की बात कह रहे हैं। अब आने वाले दिनों में इस विवाद को लेकर सरकार और व्यापारियों के बीच बातचीत से किसी समाधान की उम्मीद की जा रही है।