सीहोर में 25 क्विंटल पनीर जब्त, बैन के बाद भी बन रहा था एनालॉग पनीर
सीहोर के पचामा में फिर पकड़ा गया एनालॉग पनीर, एक सप्ताह में दूसरी कार्रवाई, रुद्रांश डेयरी पर छापा, 25 क्विंटल एनालॉग पनीर जब्त, पैकेट की कंपनी नाम और लेबलिंग भी गलत मिली
Sehore। जिले के पचामा गांव में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार देर रात रुद्रांश डेयरी पर छापा मारकर करीब 25 क्विंटल एनालॉग पनीर जब्त किया। भोपाल से आए संभागीय उड़नदस्ते और सीहोर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। टीम ने जब्त पनीर को सील कर दिया है। इसके सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग के उड़नदस्ता प्रभारी Pankaj Shrivastava ने बताया कि खाद्य आयुक्त को सीहोर में नकली और एनालॉग पनीर बनाए जाने की शिकायत मिली थी। इसके बाद टीम ने पचामा स्थित फैक्ट्री में जांच की। कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री में पनीर बनाने से जुड़ी कई खामियां सामने आईं।
नमक-शक्कर और गलत लेबलिंग
जांच के दौरान फैक्ट्री में नमक और शक्कर भी मिली। अधिकारियों के अनुसार, पनीर के पैकेट पर कंपनी और उत्पाद का नाम नहीं लिखा था। पैकेट की लेबलिंग भी सही नहीं पाई गई। टीम ने पनीर के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश में 12 अगस्त को एनालॉग पनीर के निर्माण और बिक्री पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद भी फैक्ट्री में इसका उत्पादन जारी था। इससे पहले भी इसी फैक्ट्री पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम कार्रवाई कर 2 क्विंटल से ज्यादा एनालॉग पनीर जब्त कर चुकी है। एक हफ्ते के अंदर दूसरी कार्रवाई के बाद अब विभाग की नजर फैक्ट्री की गतिविधियों पर है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
Varsha Shrivastava 
