सतना के होटल में मिली ओडिशा के युवक की लाश, 20 दिन से कमरे में था ठहरा
सतना के होटल चंद्रब्यूह के कमरे में ओडिशा के 32 वर्षीय युवक की लाश मिली। कमरे से शराब की खाली बोतलें, सिगरेट के टुकड़े और दवाइयों के रैपर मिले। पुलिस जांच में जुटी है।
सतना। शहर के एक होटल के कमरे में ओडिशा निवासी 32 वर्षीय युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। युवक पिछले कई दिनों से होटल में ठहरा हुआ था। दो दिन तक कमरे से बाहर नहीं निकलने पर होटल प्रबंधन को शक हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे के अंदर प्रवेश किया, जहां युवक फर्श पर औंधे मुंह पड़ा मिला।घटना की सूचना मिलते ही कोलगवां थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और कमरे की जांच की। मृतक की पहचान बचल लोकनाथ, उम्र 32 वर्ष, निवासी मनुनिसाही-पुड़ा पड़ार, जिला गंजम, ओडिशा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
दो दिन से कमरे से नहीं निकला था युवक
कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी के अनुसार युवक 29 जुलाई को होटल चंद्रब्यूह में आया था और कमरा नंबर 105 में ठहरा था। वह ज्यादातर समय कमरे के अंदर ही रहता था। कभी-कभार बाहर निकलता और थोड़ी देर बाद वापस कमरे में चला जाता था।14 अगस्त को भी युवक कुछ समय के लिए होटल से बाहर गया था। इसके बाद वह वापस कमरे में चला गया। दो दिन तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकला तो होटल प्रबंधन को संदेह हुआ। कर्मचारियों ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया। जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो दरवाजा तोड़कर पुलिस कमरे में दाखिल हुई। अंदर युवक फर्श पर औंधे मुंह पड़ा था। उसकी नाक से निकला खून सूख चुका था।

कमरे से शराब की 20 से ज्यादा खाली बोतलें मिलीं
जांच के दौरान पुलिस को कमरे की हालत अस्त-व्यस्त मिली। कमरे से शराब की 20 से ज्यादा खाली बोतलें, बड़ी संख्या में अधजली सिगरेट के टुकड़े, खाया हुआ भुट्टा और खराब हो चुका भोजन मिला। इसके अलावा गैस और एसिडिटी की दवाइयों के रैपर भी मिले हैं।एफएसएल टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस फिलहाल मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
परिवार को भी नहीं थी सतना आने की वजह की जानकारी
पुलिस ने मृतक की पहचान होने के बाद उसके परिजनों से संपर्क किया। रायपुर में रहने वाले उसके भाई ने पुलिस को बताया कि बचल ओडिशा में रहकर काम करता था और बहुत कम घर आता था। वह सतना किस काम से आया था, इसकी जानकारी परिवार के सदस्यों को भी नहीं थी।परिजनों के मुताबिक मृतक ने 15 अगस्त को परिवार के लोगों से बातचीत की थी। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि उसकी मौत 15 अगस्त की रात या उसके बाद हुई होगी। हालांकि मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

डेढ़ साल से सतना आने पर इसी होटल में रुकता था
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक पिछले करीब डेढ़ साल से सतना आने पर होटल चंद्रब्यूह में ही ठहरता था। इससे पुलिस के सामने कई सवाल खड़े हुए हैं कि वह बार-बार इसी होटल में क्यों रुकता था और सतना आने की उसकी वजह क्या थी।पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। मोबाइल को साइबर सेल भेजकर कॉल डिटेल, संपर्क और अन्य गतिविधियों की जांच की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले मृतक किन लोगों के संपर्क में था। फिलहाल कोलगवां थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही युवक की मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।
Anubhav Dubey 
