मऊगंज के डूडा दुआरी में 8 साल से नहीं बना मुक्तिधाम, ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई गुहार

मऊगंज के डूडा दुआरी गांव में 8 साल से अधूरा पड़ा मुक्तिधाम निर्माण ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी बना हुआ है। ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन देकर जांच, कार्रवाई और 15 दिन में निर्माण शुरू कराने की मांग की।

मऊगंज के डूडा दुआरी में 8 साल से नहीं बना मुक्तिधाम, ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई गुहार

मऊगंज. जिले की ग्राम पंचायत सीतापुर के डूडा दुआरी गांव में पिछले आठ साल से मुक्तिधाम का निर्माण अधूरा पड़ा है। गांव के लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी न तो निर्माण पूरा हुआ और न ही जिम्मेदारों पर कोई कार्रवाई हुई। इसी से नाराज ग्रामीण सोमवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की जांच की मांग की।

ग्रामीणों का आरोप है कि मुक्तिधाम के लिए राशि स्वीकृत होने के बावजूद आज तक काम पूरा नहीं हुआ। उनका कहना है कि गांव में श्मशान नहीं होने से किसी की मौत होने पर अंतिम संस्कार के लिए दूसरे गांव जाना पड़ता है। बरसात के समय यह परेशानी और बढ़ जाती है, क्योंकि रास्तों में कीचड़ और पानी भर जाने से शव ले जाना मुश्किल हो जाता है। कई बार मजबूरी में खुले स्थान पर अंतिम संस्कार करना पड़ा।

ज्ञापन देने पहुंचे राकेश कुमार साकेत, आशीष साकेत, रामचरण, उमाशंकर साकेत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने बताया कि इस मामले को लेकर पंचायत, जनपद और जिला प्रशासन के सामने कई बार शिकायत रखी गई, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला। ग्रामीणों ने मांग की है कि यदि मुक्तिधाम निर्माण के लिए सरकारी राशि स्वीकृत हुई थी तो उसकी जांच कराई जाए और यह पता लगाया जाए कि पैसा कहां खर्च हुआ।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही की वजह से आज तक गांव को मुक्तिधाम की सुविधा नहीं मिल सकी। उन्होंने मांग की है कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए और 15 दिन के भीतर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए।

ग्रामीणों ने साफ कहा कि अगर तय समय में काम शुरू नहीं हुआ तो वे कलेक्टर कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरना देंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।