शहर में घूम-घूमकर शराब बेचने वाले दो पैकारों को पुलिस ने दबोचा

रीवा की समान थाना पुलिस ने अवैध शराब की खेप के साथ दो पैकारों को गिरफ्तार किया है। दोनों शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमकर शराब की सप्लाई करते थे।

शहर में घूम-घूमकर शराब बेचने वाले दो पैकारों को पुलिस ने दबोचा
पब्लिकवाणी

रीवा में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में समान थाना पुलिस ने शराब की खेप के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी शहर के अलग-अलग इलाकों में घूम-घूमकर अवैध शराब की सप्लाई करते थे।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुढ़ की तरफ से अवैध शराब की खेप रीवा लाई जा रही है। सूचना मिलते ही समान थाना पुलिस सक्रिय हो गई और संभावित मार्गों पर घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली, जिनके पास से बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी लंबे समय से अवैध शराब की पैकारी का काम कर रहे थे। वे शहर के विभिन्न इलाकों में जाकर शराब की सप्लाई करते थे। पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर लिया है और आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

समान थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी, इसे किसके कहने पर सप्लाई किया जा रहा था और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका है।

पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।