रद्द होगा मीनाक्षी नटराजन का नामांकन! BJP ने जताई आपत्ति, नॉमिनेशन फार्म में जानकारी छिपाने का आरोप
भाजपा ने की मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त करने की मांग। दावा कांग्रेस उम्मीदवार के खिलाफ तेलंगाना कोर्ट में चल रहे केस की जानकारी नॉमिनेशन फार्म में नहीं दी
भोपाल में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल गर्मा गया है। कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पत्र पर भारतीय जनता पार्टी ने गंभीर आपत्ति दर्ज कराई है, जिससे राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भाजपा का आरोप है कि नटराजन ने अपने नामांकन में कथित कानूनी मामले की जानकारी छिपाई है।

तेलंगाना कोर्ट में चल रहे केस की नहीं दी जानकारी
भाजपा के अनुसार, मीनाक्षी नटराजन के खिलाफ तेलंगाना की एक अदालत में मामला लंबित है, जिसकी जानकारी नामांकन पत्र में दी जानी चाहिए थी। इसी आधार पर पार्टी ने रिटर्निंग अधिकारी से उनका नामांकन निरस्त करने की मांग की है। इस आपत्ति के बाद विधानसभा परिसर में दोनों दलों के नेता मौजूद रहे और माहौल काफी गर्म हो गया।

कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को सिरे से किया खारिज
दूसरी ओर, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि नटराजन के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है, बल्कि केवल कोर्ट का नोटिस मिला है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार केवल दर्ज मामलों की जानकारी देना जरूरी होता है, न कि नोटिस की। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा इस मुद्दे को राजनीतिक रंग दे रही है।

कांग्रेस नेताओं ने विधानसभा में पार्टी का पक्ष मजबूती से रखा
इस पूरे मामले के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी विधानसभा पहुंचे और पार्टी का पक्ष मजबूती से रखा। वहीं दोनों दलों के प्रतिनिधियों के बीच रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय में बहस भी हुई, जहां नटराजन के वकील ने अपना पक्ष स्पष्ट किया।

Varsha Shrivastava 
