साउथ तोड़ा इलाके में बवाल : अतिक्रमण हटाने के दौरान एडिशनल DCP से धक्कामुक्की, कई लोग हिरासत में
Indore News : एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल को एक युवक ने धक्का दे दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को मौके पर ही पकड़ लिया।
Indore News : मध्य प्रदेश। इंदौर के साउथ तोड़ा क्षेत्र में नगर निगम की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई उस समय हंगामे में बदल गई, जब कार्रवाई का विरोध कर रहे कुछ लोगों ने पुलिस और निगम की टीम से धक्कामुक्की शुरू कर दी। इस दौरान एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल को एक युवक ने धक्का दे दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को मौके पर ही पकड़ लिया। हंगामे के बीच पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दरअसल, इंदौर नगर निगम ने बुधवार को वार्ड क्रमांक 60 के साउथ तोड़ा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के दौरान नाले के ऊपर किए गए अवैध निर्माण और नदी से करीब 30 मीटर क्षेत्र में किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। निगम की टीम ने करीब 50 दुकानों और 12 से 13 मकानों पर बुलडोजर चलाया। कार्रवाई के लिए निगम की पांच जेसीबी और तीन पोकलेन मशीनों को लगाया गया था।

मौके पर निगम के 100 से अधिक कर्मचारी मौजूद रहे, जबकि सुरक्षा व्यवस्था के लिए 80 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। एसडीएम, तहसीलदार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी पूरी कार्रवाई की निगरानी कर रहे थे। वही इसी दौरान कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब सब एडिशनल डीसीपी मामले को संभालने खुद आगे आए, इस दौरान एक युवक ने एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल को धक्का दे दिया, जिससे वे संतुलन खोकर जमीन पर गिर पड़े। पुलिस ने तत्काल आरोपी युवक को पकड़ लिया और स्थिति पर काबू पाया।

घटना के बाद पुलिस ने हंगामा करने वाले कई लोगों को हिरासत में लिया है। इस मामले में अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्रवाई में बाधा डालने, पुलिस से धक्कामुक्की करने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

