NEET पेपर लीक पर जीतू पटवारी का हमला, बोले- भाजपा देश के भविष्य से कर रही खिलवाड़
भोपाल में कांग्रेस का टैलेंट हंट, युवा प्रवक्ताओं के इंटरव्यू के बीच पटवारी ने केन-बेतवा मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक और धांधली के मुद्दे पर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। भोपाल में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि पेपर लीक की घटनाएं पहली बार नहीं हुई हैं, बल्कि 2017 से 2021 के बीच भी कई बार ऐसे मामले सामने आए हैं। पटवारी ने आरोप लगाया कि परीक्षाओं में होने वाली धांधलियों के पीछे भाजपा की कार्यप्रणाली जिम्मेदार है और “मैनिपुलेशन करना भाजपा की आदत बन चुकी है।”
भाजपा देश के भविष्य से कर रही खिलवाड़
जीतू पटवारी ने कहा कि भाजपा सरकार देश के युवाओं और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जिन राज्यों में भाजपा की सरकार है, वहीं सबसे ज्यादा पेपर लीक के मामले सामने आए हैं। उन्होंने गुजरात में 14 बार, हरियाणा में 5 से 7 बार और उत्तराखंड में 5 बार पेपर लीक होने का जिक्र किया। साथ ही मध्य प्रदेश के व्यापम घोटाले का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश पहले भी शिक्षा से जुड़े बड़े घोटालों का गवाह रहा है।

पटवारी ने कहा कि लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से छात्रों में निराशा और हीन भावना पैदा हो रही है। मेहनत करने वाले छात्र खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं और पढ़ाई से उनका भरोसा कम होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े अपराध की क्या सजा होनी चाहिए, यह देश के अभिभावकों और समाज को तय करना चाहिए।
छात्रों की समस्याओं के लिए कांग्रेस की कमेटी
पीसीसी चीफ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से उठा रही है। इसी को लेकर एक विशेष कमेटी बनाई गई है, जिसकी औपचारिक घोषणा 16 मई को की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों के हितों की आवाज लगातार उठाती रहेगी और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग करेगी।

केन-बेतवा परियोजना पर भी सरकार को घेरा
केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित आदिवासियों और ग्रामीणों के मुद्दे पर भी जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि विस्थापित आदिवासियों को न तो उचित मुआवजा दिया गया और न ही उनके पुनर्वास की व्यवस्था की गई। पटवारी ने कहा कि जब उन्होंने प्रभावित लोगों से मिलने की कोशिश की, तो उन पर केस दर्ज कर दिया गया।

उन्होंने दावा किया कि परियोजना क्षेत्र में 500 से ज्यादा पुलिसकर्मी और वनकर्मी तैनात किए गए हैं तथा प्रशासन ने वहां अस्थायी कार्यालय भी बना लिया है। पटवारी ने आरोप लगाया कि सरकार दबाव बनाकर आदिवासियों की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भी जल्द प्रभावित आदिवासियों से मिलने जाएंगे और इस मुद्दे पर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।
एक सवाल के जवाब में जीतू पटवारी ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि अगर भाजपा विधायक खरीदना बंद कर दे, तो देश और प्रदेश की व्यवस्था अपने आप ठीक हो जाएगी।
कांग्रेस के टैलेंट हंट में दिखा युवाओं का उत्साह
वहीं भोपाल के इंदिरा भवन में AICC द्वारा आयोजित टैलेंट हंट कार्यक्रम के तहत युवा प्रवक्ताओं के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के इंटरव्यू भी आयोजित किए गए। इस दौरान मध्य प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, राष्ट्रीय प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह, अनिल यादव, अर्चित सिंह और अर्श खान मौजूद रहे।

कार्यक्रम में प्रदेशभर से पहुंचे युवाओं ने अपनी राजनीतिक समझ, संवाद क्षमता और नेतृत्व कौशल का प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि युवाओं में राजनीति को लेकर बढ़ती जागरूकता इस बात का संकेत है कि नई पीढ़ी अब सिर्फ राजनीति को देखना नहीं चाहती, बल्कि अपनी आवाज और काबिलियत से उसे दिशा देने के लिए भी तैयार है।
Varsha Shrivastava 
