मऊगंज: कूलर का तार जोड़ते समय करंट लगने से युवक की मौत, पुलिस जांच में जुटी
थाना नईगढ़ी अंतर्गत ग्राम देवरिहन में कुलर का तार जोड़ते समय करंट लगने से 27 वर्षीय युवक की मौत, घटना पर मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस
मऊगंज राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।
जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 27 वर्षीय युवक की विद्युत करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, ग्राम देवरिहनगांव निवासी दिवाकर पटेल (27), पिता थानेश्वर प्रसाद पटेल, अपने घर में कूलर का बिजली का तार ठीक कर रहे थे। इसी दौरान तार जोड़ते समय वे अचानक करंट की चपेट में आ गए और अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े।

परिजनों ने तत्काल बिजली की आपूर्ति बंद कर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नईगढ़ी पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद दिवाकर को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मृत्यु का कारण विद्युत करंट लगना प्रतीत होता है। घटना की सूचना मिलते ही नईगढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया और बाद में शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक स्वयं कूलर का तार जोड़ रहा था। मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद की जाएगी।

ग्रामीणों के अनुसार, दिवाकर पटेल परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। वे मेहनती और मिलनसार स्वभाव के थे। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
Varsha Shrivastava 
