पुलिस अधीक्षक मैहर अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से गोपनीय सूचनाएं मिल रही थीं कि धार्मिक नगरी मैहर में स्मैक की बिक्री स्थानीय युवकों द्वारा की जा रही है। ये युवक बाहर से स्मैक लाकर धार्मिक नगरी के अलावा जिले के अन्य स्थानों पर डिमांड के आधार पर सप्लाई करते हैं। सूचना के आधार पर इन युवकों को रडार पर लिया गया और उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जाने लगी।
शनिवार को सूचना मिली कि दोनों संदिग्ध युवक लग्जरी कार से कटनी से मैहर की तरफ आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम को कार्रवाई के लिए भेजा गया। पुलिस टीम ने कटनी बायपास में वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। चेकिंग के दौरान ग्रे रंग की कार क्रमांक एमपी 19 सीबी/2911 को रुकवाया गया।

कार सवार रोहित उर्फ सोनू बंगाली पिता सुबोध सिंह, उम्र 35 वर्ष, निवासी रीवा रोड कचलोहा मोहल्ला थाना मैहर कोतवाली और अतुल पांडेय पिता कामतानाथ पांडेय, उम्र 34 वर्ष, निवासी सैंडर्सन कॉलोनी वार्ड नं. 15 थाना मैहर कोतवाली को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी रोहित और अतुल के कब्जे से स्मैक की 20 पुड़िया मिलीं। लिहाजा नशीला पदार्थ स्मैक और कार जब्त कर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों के पास मिली 20 पुड़िया में भरी 4.6 ग्राम स्मैक पाउडर की कीमत बाजार में लगभग 20 हजार रुपए बताई गई है। दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 और 21 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। कार्रवाई में उप निरीक्षक संतोष उलाड़ी, प्रधान आरक्षक पुष्पेंद्र वर्मा, रजनीश मिश्रा, आरक्षक राजेंद्र सिंह और मोहित वैष्णव शामिल रहे।

नशे के नेटवर्क की जानकारी जुटाने में जुटी पुलिस
20 पुड़िया स्मैक के साथ पकड़े गए मैहर निवासी रोहित और अतुल का कनेक्शन नशे के हाईप्रोफाइल नेटवर्क से किस स्तर तक है, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। दोनों किस नेटवर्क के जरिए स्मैक प्राप्त करते थे और उन्हें यह नशा किन-किन जगहों से उपलब्ध कराया जाता था, इसकी जांच की जा रही है।
यह भी पता किया जा रहा है कि रोहित और अतुल मैहर जिले के अलावा अन्य किन-किन स्थानों पर स्मैक की बिक्री करते थे। दोनों से पूछताछ कर यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि क्या वे नशे के आदी लोगों को सीधे तौर पर स्मैक बेचते थे या फिर स्थानीय स्तर पर अन्य लोग भी इस कारोबार में उनका सहयोग करते थे।
मैहर पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर नशे के हाईप्रोफाइल नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाने के लिए रिमांड की मांग की जाएगी।