ट्विशा शर्मा मौत मामला: री-पोस्टमॉर्टम के बीच जांच तेज, पति रिमांड पर, सुप्रीम कोर्ट ने लिया संज्ञान
भोपाल में ट्विशा शर्मा केस: संदिग्ध मौत की जांच में नया मोड़, AIIMS टीम पहुंची, पति के बयान पर सवाल
भोपाल। एक्ट्रेस और मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। जांच एजेंसियां हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही हैं। हाईकोर्ट के आदेश के बाद री-पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, वहीं सुप्रीम कोर्ट ने भी इस मामले में स्वतः संज्ञान लिया है। दूसरी ओर, आरोपी पति समर्थ सिंह पुलिस रिमांड पर हैं और उनसे लगातार पूछताछ जारी है।

री-पोस्टमॉर्टम के लिए AIIMS की टीम पहुंची भोपाल
मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली के एम्स (AIIMS) की चार सदस्यीय विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम भोपाल पहुंच चुकी है। यह टीम अत्याधुनिक उपकरणों के साथ री-पोस्टमॉर्टम कर रही है। हाईकोर्ट के निर्देश के अनुसार पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जा रही है, ताकि जांच में पारदर्शिता बनी रहे। फिलहाल ट्विशा शर्मा का शव AIIMS भोपाल की मॉर्चुरी में सुरक्षित रखा गया है। इस दौरान जांच एजेंसियां घटनास्थल का दोबारा निरीक्षण भी कर सकती हैं।

मामले में सुप्रीम कोर्ट ने लिया स्वतः संज्ञान
इस मामले ने अब राष्ट्रीय स्तर पर भी ध्यान खींचा है। सुप्रीम कोर्ट ने इस केस पर स्वतः संज्ञान लेते हुए सुनवाई तय की है। यह सुनवाई सोमवार को चीफ जस्टिस की बेंच में हो सकती है। इससे जांच प्रक्रिया और तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है।

पति समर्थ सिंह पुलिस रिमांड पर
इस मामले में आरोपी बनाए गए पति समर्थ सिंह फिलहाल सात दिन की पुलिस रिमांड पर हैं। पुलिस उनसे लगातार पूछताछ कर रही है। शुरुआती पूछताछ में समर्थ सिंह ने दावा किया कि शादी के बाद दोनों के रिश्ते सामान्य थे। उन्होंने बताया कि 17 अप्रैल को ट्विशा की प्रेग्नेंसी की पुष्टि हुई थी, जिसके बाद उनके व्यवहार में बदलाव आने लगा। समर्थ के अनुसार, ट्विशा घरेलू जीवन को लेकर असहज महसूस करने लगी थीं और अक्सर अपने परिवार के पास जाने की बात करती थीं।

समर्थ ने किया रिश्तों में बढ़ते तनाव का दावा
समर्थ सिंह ने पुलिस को बताया कि ट्विशा अक्सर कहती थीं कि वह ग्लैमर वर्ल्ड से जुड़ी हैं और सामान्य घरेलू जीवन उनके लिए नहीं है। इसी को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ता गया। उन्होंने यह भी बताया कि 24 अप्रैल को ट्विशा अपने भाई के पास अजमेर चली गई थीं और कुछ दिनों बाद वापस भोपाल लौटीं। इसके बाद भी दोनों के रिश्तों में खटास बनी रही।

समर्थ सिंह ने पुलिस को 12 मई की रात की पूरी घटना बताई है। उनके अनुसार, उस दिन शाम को ट्विशा पार्लर से घर लौटी थीं। इसके बाद दोनों ने घर के सामने पार्क में करीब एक घंटे तक वॉक भी की थी। इसके बाद दोनों ने साथ में खाना खाया और कुछ समय घर के बाहर बैठे रहे।

रात करीब 8:30 बजे दोनों कमरे में टीवी देखने चले गए। कुछ देर बाद ट्विशा नीचे वाले कमरे में चली गईं, जहां वह अपने माता-पिता से फोन पर बात कर रही थीं। समर्थ के अनुसार, उन्हें नींद आ गई थी और बाद में परिवार ने बताया कि ट्विशा दिखाई नहीं दे रही हैं।

छत पर मिला शव, परिवार ने दिया CPR
समर्थ ने बताया कि परिवार को शक हुआ कि ट्विशा छत पर हो सकती हैं। जब उनकी मां वहां पहुंचीं तो उन्होंने देखा कि ट्विशा ने एक्सरसाइज में इस्तेमाल होने वाली इलास्टिक बेल्ट से फांसी लगा ली है। शोर सुनकर सभी लोग छत पर पहुंचे और उन्हें नीचे उतारने की कोशिश की गई। समर्थ के अनुसार, उन्होंने और परिवार ने मिलकर ट्विशा को नीचे उतारा और CPR भी दिया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उन्हें तुरंत भोपाल के AIIMS अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मायके पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप
इस मामले में ट्विशा के परिवार ने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का मामला है और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। वहीं पुलिस का कहना है कि हर एंगल से जांच की जा रही है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी साक्ष्यों की जांच जरूरी है।

बार काउंसिल ने वकालत लाइसेंस सस्पेंड किया
इस मामले में एक और बड़ा कदम 22 मई को सामने आया, जब Bar Council of India (BCI) ने आरोपी पति समर्थ सिंह का वकालत लाइसेंस सस्पेंड कर दिया। यह कार्रवाई मामले की गंभीरता को देखते हुए की गई है। फिलहाल, जांच कई स्तरों पर चल रही है। री-पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक सबूत, मोबाइल डेटा और गवाहों के बयान इस केस की दिशा तय करेंगे। सुप्रीम कोर्ट की निगरानी के चलते अब मामले में तेजी आने की उम्मीद है।
Varsha Shrivastava 
