जेफ बेजोस की कंपनी का रॉकेट लॉन्चपैड पर ब्लास्ट, टेस्टिंग के दौरान बड़ा हादसा

Blue Origin के न्यू ग्लेन रॉकेट में फ्लोरिडा के केप कैनावेरल लॉन्चपैड पर हॉटफायर टेस्ट के दौरान बड़ा विस्फोट हो गया। धमाके के बाद रॉकेट आग के गोले में बदल गया। Jeff Bezos ने कहा कि हादसे में सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं और कंपनी जल्द दोबारा कोशिश करेगी।

जेफ बेजोस की कंपनी का रॉकेट लॉन्चपैड पर ब्लास्ट, टेस्टिंग के दौरान बड़ा हादसा

अमेजन के मालिक बोले सभी कर्मचारी सुरक्षित हम फिर कोशिश करेंगे एलन मस्क ने घटना को बताया दुर्भाग्यपूर्ण, फ्लोरिडा अमेजन के मालिक जेफ बेजोस की अंतरिक्ष कंपनी ब्लू ओरिजिन के न्यू ग्लेन रॉकेट में टेस्ट के दौरान लॉन्च पैड पर अचानक भयानक ब्लास्ट हो गया। धमाके के बाद रॉकेट देखते ही देखते आग के एक बड़े गोले में तब्दील हो गया।

ब्लू ओरिजिन ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि फ्लोरिडा के केप कैनावेरल में हॉटफायर टेस्ट किया जा रहा था और इसी प्रक्रिया के दौरान रॉकेट में तकनीकी गड़बड़ी आ गई जिससे यह बड़ा हादसा हुआ। यह टेस्ट आने वाले दिनों में होने वाले एक बेहद महत्वपूर्ण सैटेलाइट लॉन्चिंग की तैयारी के सिलसिले में किया जा रहा था।

जानिए क्या होता है हॉटफायर टेस्ट और क्यों है यह जरूरी..
हॉटफायर टेस्ट किसी भी रॉकेट को अंतरिक्ष में भेजने से पहले उसके शक्तिशाली इंजनों की क्षमता जांचने की एक बेहद जरूरी और अनिवार्य प्रक्रिया मानी जाती है। इस टेस्ट के दौरान रॉकेट को लॉन्चपैड पर ही विशेष क्लैम्प्स की मदद से जमीन से कसकर बांध दिया जाता है ताकि वह उड़ान न भर सके। इसके बाद एक तय समय के लिए रॉकेट के सभी इंजनों को उनकी पूरी ताकत के साथ चालू किया जाता है। ब्लू ओरिजिन करीब दस साल की कड़ी मेहनत और अरबों डॉलर खर्च करके इस उनतीस मंजिला ऊंचे न्यू ग्लेन रॉकेट को तैयार कर रही है जिसका फर्स्ट स्टेज रीयूजेबल यानी दोबारा इस्तेमाल के योग्य बनाया गया है।

जेफ बेजोस ने कहा आज का दिन कठिन रहा पर हम वापस लौटेंगे..
हादसे के बाद ब्लू ओरिजिन के फाउंडर जेफ बेजोस का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि इस भयानक हादसे में हमारे सभी कर्मचारी और वैज्ञानिक पूरी तरह सुरक्षित हैं। हमारी टीम हादसे की मुख्य वजह का पता लगाने में जुट गई है। उन्होंने माना कि आज का दिन कंपनी के लिए बेहद कठिन रहा लेकिन जिस भी हिस्से को दोबारा बनाने की जरूरत होगी हम उसे फिर से तैयार करेंगे और जल्द ही सुरक्षित उड़ान पर वापस लौटेंगे। उधर अमेरिकी स्पेस फोर्स और स्थानीय इमरजेंसी रेस्पॉन्डर्स ने भी घटना स्थल पर पहुंचकर डेटा का मूल्यांकन शुरू कर दिया है और स्पष्ट किया है कि इस विस्फोट से आम जनता को कोई खतरा नहीं है।

एलन मस्क के स्टारलिंक को चुनौती देने की थी तैयारी..
दिलचस्प बात यह है कि इस घटना से ठीक एक दिन पहले ही ब्लू ओरिजिन ने घोषणा की थी कि वे न्यू ग्लेन रॉकेट के जरिए अमेजन के अड़तालीस लियो सैटेलाइट्स को अंतरिक्ष की निचली कक्षा में भेजने की तैयारी कर रहे हैं। अमेजन इन सैटेलाइट्स की मदद से दुनिया भर में हाई स्पीड ब्रॉडबैंड इंटरनेट नेटवर्क तैयार करना चाहता है जो सीधे तौर पर एलन मस्क के स्टारलिंक नेटवर्क को चुनौती देगा। इस बड़े रॉकेट विस्फोट का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद खुद एलन मस्क ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है क्योंकि रॉकेट्स बनाना और उनका ऑपरेशन करना वाकई एक बेहद कठिन काम है।