इजराइल की चेतावनी- ईरानी जनता ट्रेन से सफर न करें- अगले 12 घंटे पटरियों से भी दूर रहें, वरना जा सकती है जान!
अगले 12 घंटे भारी- इजराइल ने ईरानी नागरिकों को ट्रेन और पटरियों से दूर रहने को कहा; उधर ट्रंप ने दी 'एक रात में ईरान खत्म' करने की धमकी। क्या होर्मुज स्ट्रेट बनेगा तीसरे विश्व युद्ध का केंद्र?
मध्य पूर्व में तनाव चरम पर पहुंच गया है। इजराइली सेना (IDF) ने मंगलवार को ईरानी नागरिकों को सीधा संदेश देते हुए चेतावनी जारी की है कि वे अगले 12 घंटों तक ट्रेन से यात्रा न करें और रेलवे पटरियों के पास भी न जाएं। IDF ने फारसी भाषा में X (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर कहा, प्रिय नागरिकों, आपकी सुरक्षा के लिए हम आपसे अपील करते हैं कि अभी से लेकर रात 9 बजे (ईरान समय) तक पूरे देश में ट्रेन से यात्रा न करें। ट्रेन और रेलवे लाइनों के पास आपकी मौजूदगी आपकी जान के लिए खतरा हो सकती है।
ट्रंप का भी अल्टीमेटम:
यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को होर्मुज स्ट्रेट खोलने के लिए कड़ा अल्टीमेटम दिया है। ट्रंप ने व्हाइट हाउस में कहा कि अगर ईरान तय समय से पहले समझौता नहीं करता तो “पूरी ईरान को एक ही रात में खत्म” किया जा सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि हर ब्रिज, पावर प्लांट और महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर नष्ट हो सकता है। ट्रंप की डेडलाइन मंगलवार रात 8 बजे (वॉशिंगटन समय) है, जो भारत समय में बुधवार सुबह लगभग 5:30 बजे होगी। IDF की ट्रेन वाली चेतावनी इस डेडलाइन से करीब 6.5 घंटे पहले खत्म हो रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि इजराइल संभावित हवाई हमलों में रेलवे नेटवर्क को टारगेट करने की तैयारी कर रहा है, इसलिए आम नागरिकों को पहले से आगाह किया जा रहा है।

क्या है पूरा मामला:
ईरान-इजराइल संघर्ष पिछले कई हफ्तों से जारी है। ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को बंद रखा है, जिससे दुनिया के करीब 20 प्रतिशत तेल की सप्लाई प्रभावित हो रही है। यह रणनीतिक जलडमरूमध्य फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी से जोड़ता है और वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। ट्रंप ने साफ कहा कि ईरान को इस रास्ते को तुरंत खोलना होगा, वरना अमेरिका और इजराइल मिलकर बड़े पैमाने पर कार्रवाई करेंगे। ट्रंप ने कहा, हमारे पास हर ब्रिज और पावर प्लांट को नष्ट करने का प्लान है। पूरी देश को एक रात में खत्म किया जा सकता है और वह रात कल भी हो सकती है। वहीं ईरान ने अस्थायी युद्धविराम के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। तेहरान का कहना है कि वह स्थायी समाधान चाहता है, जिसमें अमेरिका के सभी प्रतिबंध हटा दिए जाएं और सुरक्षा गारंटी मिले।
IDF की चेतावनी का महत्व:
इजराइल पहले भी ईरानी नागरिकों को सैन्य ठिकानों के पास से हटने की चेतावनी दे चुका है, लेकिन इस बार ट्रेन और रेलवे लाइनों को स्पष्ट रूप से टारगेट किया गया है। IDF का फारसी में पोस्ट करना दिखाता है कि वे सीधे ईरानी जनता से बात कर रहे हैं, ताकि अनावश्यक नागरिक हताहत से बचा जा सके। विश्लेषकों का कहना है कि रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर सैन्य आपूर्ति और सैनिकों की आवाजाही के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है। अगर इजराइल बड़े हमले की योजना बना रहा है तो ट्रेन नेटवर्क को निशाना बनाना रणनीतिक रूप से समझ में आता है।
वैश्विक प्रभाव:
होर्मुज स्ट्रेट बंद रहने से तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं। भारत समेत कई देशों की ऊर्जा सुरक्षा प्रभावित हो रही है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भी इस मुद्दे पर चर्चा चल रही है। ईरान ने अब तक कई मिसाइल हमले किए हैं, जबकि इजराइल ने जवाबी कार्रवाई में ईरानी ठिकानों को निशाना बनाया है। दोनों तरफ से जान-माल का नुकसान हो रहा है, लेकिन आम नागरिकों को चेतावनी देकर इजराइल खुद को “मानवीय” दिखाने की कोशिश कर रहा है।

