इंदौर/भोपाल। मध्य प्रदेश के इंदौर को एक और बड़ी तकनीकी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में देश के पहले वर्चुअल चिड़ियाघर का लोकार्पण किया। इसके साथ ही करीब साढ़े 4 करोड़ रुपये की लागत से PPP मॉडल पर तैयार 14-डी सिनेमा थिएटर और वर्चुअल जंगल सफारी की शुरुआत भी की गई।

14-डी थिएटर में CM ने मंत्रियों और बच्चों के साथ देखी फिल्म
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और स्कूली बच्चों के साथ 14-डी सिनेमा थिएटर में बैठकर फिल्म देखी। फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने इसे अद्भुत अनुभव बताया। उन्होंने वर्चुअल जंगल सफारी का भी अवलोकन किया और वहां की तकनीकी सुविधाओं की जानकारी ली।
'इंदौर जो करता है, सबसे अच्छा करता है'
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इंदौर लगातार नवाचार और विकास के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि इंदौर जो भी करता है, सबसे अच्छा करता है। वर्चुअल जंगल सफारी आम लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी और इसके जरिए लोग जंगल और वन्यजीवों का आभासी अनुभव ले सकेंगे।
बच्चों और पर्यटकों को मिलेगा नया अनुभव
वर्चुअल जंगल सफारी और 14-डी थिएटर के जरिए शहरवासियों, बच्चों और पर्यटकों को वन्यजीवों और प्रकृति को आधुनिक तकनीक के माध्यम से समझने का मौका मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सुविधा से मनोरंजन के साथ लोगों को जंगल और वन्यजीवन का अलग तरह का अनुभव भी मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि वर्चुअल जंगल सफारी से नगर निगम को आमदनी भी प्राप्त होगी।

फव्वारे और एक्वेरियम का भी किया अवलोकन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रिमोट दबाकर फव्वारे का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने प्राणी संग्रहालय के एक्वेरियम में मौजूद रंग-बिरंगी मछलियों का भी अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने प्राणी संग्रहालय में विकसित की गई नई सुविधाओं की सराहना की।
कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित विधायक, एमआईसी सदस्य, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।