इंदौर पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय में दीक्षांत परेड सम्पन्न, 984 नव आरक्षक पुलिस सेवा के लिए तैयार

इंदौर पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय में 78वें नव आरक्षक बुनियादी प्रशिक्षण सत्र 2025-26 के प्रशिक्षण पूरे होने पर भव्य दीक्षांत परेड समारोह का हुआ आयोजन

इंदौर पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय में दीक्षांत परेड सम्पन्न, 984 नव आरक्षक पुलिस सेवा के लिए तैयार

इंदौर स्थित पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय में 78वें नव आरक्षक बुनियादी प्रशिक्षण सत्र 2025-26 के प्रशिक्षण पूर्ण होने पर भव्य दीक्षांत परेड समारोह का आयोजन किया गया। समारोह मध्यप्रदेश पुलिस के मुखिया एवं पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। करीब एक वर्ष के कठिन प्रशिक्षण के बाद 984 नव आरक्षक अब पुलिस सेवा में योगदान देने के लिए तैयार हैं।

दरअसल इंदौर में 15 जून 2025 से प्रारंभ हुए 78वें नव आरक्षक बुनियादी प्रशिक्षण सत्र का समापन भव्य दीक्षांत परेड के साथ हुआ। लगभग एक वर्ष तक चले कठोर एवं व्यवस्थित प्रशिक्षण के उपरांत 984 नव आरक्षक प्रशिक्षुओं ने शानदार परेड प्रस्तुत करते हुए मुख्य अतिथि पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना को सलामी दी।

इस बैच में 788 महिला प्रशिक्षु भी शामिल रहीं, जिन्होंने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त किया। दीक्षांत परेड के दौरान प्रशिक्षुओं ने अनुशासन, दक्षता और प्रशिक्षण के दौरान अर्जित व्यावसायिक कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने परेड का निरीक्षण कर प्रशिक्षुओं की सराहना की और उन्हें अपने कर्तव्यों का निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि आमजन की सेवा, कानून-व्यवस्था बनाए रखना और पुलिस की सकारात्मक छवि को मजबूत करना नव आरक्षकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।

समारोह में प्रशिक्षण अवधि के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित भी किया गया। मुख्य अतिथि ने पुरस्कार प्रदान कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की तथा सभी प्रशिक्षुओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। दीक्षांत समारोह के साथ ही प्रशिक्षुओं ने पुलिस सेवा के नए सफर की औपचारिक शुरुआत की।