मैहर SP की संवेदनशीलता ने जीता दिल: सड़क हादसे में घायल भाई-बहन की मदद की, अपनी गाड़ी से पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद मददगार बने मैहर SP अवधेश प्रताप सिंह, घायल भाई-बहन को अपनी गाड़ी से पहुंचाया अस्पताल
सड़क हादसे के बाद घायल भाई-बहन के लिए मैहर पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना हो रही है। बंशीपुर निवासी सौरभ पाल (16 वर्ष) और उनकी बहन शिवानी पाल (लगभग 18 वर्ष) मोटरसाइकिल से बंशीपुर से मैहर आ रहे थे। इसी दौरान केजेएस सीमेंट प्लांट मोड़ पर सामने से ट्रक आने पर उनकी मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें दोनों घायल हो गए।
हादसे के बाद पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तत्काल दोनों घायलों को अपनी गाड़ी में बैठाया और मैहर के सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में दोनों का उपचार जारी है।
एसपी की तत्परता ने पेश की मानवता की मिसाल
आमतौर पर पुलिस की पहचान कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाली व्यवस्था के रूप में होती है, लेकिन संकट के समय जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आना पुलिस की मानवीय भूमिका को भी दर्शाता है। पुलिस अधीक्षक ने बिना समय गंवाए घायल भाई-बहन को अस्पताल पहुंचाकर सराहनीय पहल की।
इस मानवीय तत्परता के लिए पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह की जितनी प्रशंसा की जाए, उतनी कम है। उनका यह कदम पुलिस के प्रति आमजन के विश्वास को मजबूत करने वाला है। मैहर थाना पुलिस ने ट्रक को जप्त कर आगे की कार्यवाही की जा रही है।
Varsha Shrivastava 
