इंदौर में डाक विभाग की महिला कर्मचारी की हत्या, पति वारदात के बाद फरार
डाक कुंज कॉलोनी में सनसनीखेज वारदात, पत्नी की हत्या के बाद पति फरार, बेटी के घर पहुंचने पर हुआ खुलासा पुलिस जांच में जुटी
इंदौर के संयोगितागंज थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां एमजी रोड डाकघर में डाक सहायक के पद पर पदस्थ उर्मिला सैनी की उनके पति अखिलेश सैनी ने कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति फरार हो गया। घटना की जानकारी तब लगी जब उनकी बेटी स्कूल से घर पहुंची।

पति ने धारदार हथियार से हमला कर हत्या की
जानकारी के मुताबिक, मनोरमगंज स्थित डाक कुंज कॉलोनी में रहने वाली उर्मिला सैनी एमजी रोड डाकघर में डाक सहायक के रूप में पदस्थ थीं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, उनके पति अखिलेश सैनी ने किसी धारदार हथियार से उन पर हमला कर उनकी हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद आरोपी अपनी बेटी के स्कूल पहुंचा, उसे एटीएम कार्ड और उसका पिन और कुछ रुपए देकर वहां से फरार हो गया।

बेटी स्कूल से घर पहुंची, मां का खून से सना शव देखा
इसके बाद जब बेटी स्कूल से घर पहुंची, तो उसने मां को खून से लथपथ हालत में देखा और घटना की जानकारी परिजनों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही संयोगितागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपी की तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं। हत्या के पीछे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Varsha Shrivastava 
