मैहर: सड़क के बीच छोड़ दिया बिजली का पोल, मामला सामने आते ही कलेक्टर ने हटवाया
मैहर में सरकारी लापरवाही: 2.92 लाख रुपये की लागत से बनी 100 मीटर लंबी सीसी सड़क के बीच में बिजली का खंभा, मामला सामने आने के बाद कलेक्टर के निर्देश पर हटाया गया
मैहर। जिले की ग्राम पंचायत कंचनपुर के जलहा गांव में सरकारी लापरवाही का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां करीब 2.92 लाख रुपये की लागत से लगभग 100 मीटर लंबी सीसी सड़क का निर्माण कराया गया, लेकिन सड़क के बीचोंबीच खड़े बिजली के खंभे को हटाने की जरूरत तक नहीं समझी गई। सड़क तैयार होने के बाद भी खंभा बीच रास्ते में खड़ा रहा, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए।
सड़क के बीच में खंभा, वीडियो वायरल
जानकारी के अनुसार, यह सड़क जलहा गांव के प्राथमिक विद्यालय से आगे तक ग्राम पंचायत द्वारा बनाई जा रही थी। निर्माण के दौरान सड़क का एलाइनमेंट इस तरह रखा गया कि बिजली का पोल बीच सड़क में ही रह गया। मामला सामने आने के बाद यह तस्वीर सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गई।

इस संबंध में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने कहा कि सड़क निर्माण में इस प्रकार की स्थिति स्वीकार्य नहीं है। सामान्यतः सड़क निर्माण के दौरान बिजली के पोल, नाली और अन्य अवरोधों को ध्यान में रखकर एलाइनमेंट तय किया जाता है। यदि सड़क के बीच में पोल छोड़कर निर्माण किया गया है तो यह स्पष्ट रूप से लापरवाही का मामला है।
कलेक्टर ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए
सीईओ ने बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जिन अधिकारियों या कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय होगी, उन्हें नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इधर, मामला कलेक्टर के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने संबंधित विभाग को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

कलेक्टर बिदिशा ने बताया कि यह मामला सज्ञान में आते ही संबंधित विभाग की टीम को हटाने के निर्देश दिए गए थे। आज शुक्रवार की दोपहर सड़क के बीच खड़े बिजली के पोल को हटवा दिया है। इसमें जो भी दोषी है उनके खिलाफ कार्यवाही करेंगे।
Maihar | लाखों की लागत से बनी सीसी सड़क के बीच में बिजली का खंभा
— Public Vani News (@publicvaninews) July 3, 2026
मैहर में विकास कार्य में बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां बनाई गई सड़क के बीचों-बीच बिजली का खंभा छोड़ दिया गया है। पूरा मामला जनपद पंचायत अमरपाटन के कंचनपुर गांव का है।#Maihar #CCRoad #MadhyaPradesh #Development pic.twitter.com/aqjjUAMLQk
Varsha Shrivastava 
