भोपाल में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का बड़ा बयान: "अयोध्या की घटना से राम भक्तों की आस्था को ठेस, दोषियों को मिलेगा महादंड

भोपाल में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अयोध्या की घटना पर बड़ा बयान दिया.उन्होंने कहा कि राम भक्तों की आस्था को ठेस पहुंची है, दोषियों को महादंड मिलेगा और मंदिरों में समर्पित लोगों को ही सेवा का अवसर मिलना चाहिए.

भोपाल में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का बड़ा बयान: "अयोध्या की घटना से राम भक्तों की आस्था को ठेस, दोषियों को मिलेगा महादंड

भोपाल। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भोपाल में अयोध्या की हालिया घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इससे राम भक्तों की आस्था को गहरी ठेस पहुंची है और सनातन परंपरा को भी नुकसान पहुंचा है. उन्होंने कहा कि "जो लोग भगवान राम की सेवा और मंदिर की व्यवस्था से जुड़े रहकर कुकृत्य करते हैं, उन्हें महादंड मिलना चाहिए." उन्होंने यह भी कहा कि मंदिरों में सेवा का अवसर केवल उन्हीं लोगों को मिलना चाहिए जो पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ धर्म और मर्यादा का पालन करते हों.

दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी: धीरेंद्र शास्त्री

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए एसआईटी (SIT) का गठन किया गया है और जांच जारी है. उन्होंने उम्मीद जताई कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. इस दौरान उन्होंने सामाजिक सौहार्द पर भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि भारत के मुसलमानों को इंडोनेशिया से सीख लेनी चाहिए, जहां आपसी सद्भाव की मिसाल देखने को मिलती है.

उनके मुताबिक, वहां लोग नमाज भी पढ़ते हैं और दीपावली जैसे त्योहार भी मिल-जुलकर मनाते हैं. लव जिहाद के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि समाज को अपने संस्कारों और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा करने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि यदि किसी के विचार और संस्कार इतने मजबूत हैं कि वह दूसरों को अपने विचारों से प्रभावित कर सके तो उसका स्वागत है, लेकिन किसी भी तरह का छल, दबाव या प्रलोभन स्वीकार्य नहीं होना चाहिए. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के इन बयानों को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा तेज हो गई है.