Bhopal Bike Rally : राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर लाल परेड ग्राउंड से रवाना हुई पुलिस बाइक रैली, DGP कैलाश मकवाना ने दिखाई हरी झंडी

Bhopal Bike Rally : रैली की शुरुआत फ्लैग ऑफ सेरेमनी के साथ हुई। इस दौरान पुलिसकर्मियों और प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी सद्भाव मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

Bhopal Bike Rally : राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर लाल परेड ग्राउंड से रवाना हुई पुलिस बाइक रैली, DGP कैलाश मकवाना ने दिखाई हरी झंडी

Bhopal Bike Rally : भोपाल। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश पुलिस ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और नशामुक्त भारत का संदेश फैलाने के लिए विशेष बाइक रैली शुरू की। गुरुवार को भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने हरी झंडी दिखाकर रैली को गुजरात के एकता नगर के लिए रवाना किया। इस अभियान में अलग-अलग राज्यों के पुलिस अधिकारी और बाइक राइडर्स शामिल हुए।

इस दौरान मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने कहा कि, मुझे अत्यंत प्रसन्नता है कि मध्यप्रदेश की धरती से देश के विभिन्न राज्यों की पुलिस के अधिकारी एवं जवान एक साझा उद्देश्य के साथ अपनी यात्रा प्रारंभ कर रहे हैं। मैं इस अवसर पर आप सभी का हार्दिक स्वागत करता हूं और रैली के सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देता हूं।

राष्ट्रीय एकता और भाईचारे पर जोर

रैली के शुभारंभ के दौरान पुलिस अधिकारियों और प्रतिभागियों ने देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया। इस पहल का उद्देश्य लोगों को राष्ट्रीय एकता के महत्व के प्रति जागरूक करना है। रैली विभिन्न शहरों, कस्बों और गांवों से गुजरते हुए लोगों तक भाईचारे और आपसी सद्भाव का संदेश पहुंचाएगी।

14 राज्यों के 146 प्रतिभागी शामिल

पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने बताया कि रैली में विभिन्न राज्यों के कुल 146 पुलिस अधिकारी और प्रतिभागी शामिल हैं। इनमें ओडिशा, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, मध्यप्रदेश, बिहार, झारखंड और पूर्वोत्तर के कई राज्यों के पुलिसकर्मी शामिल हैं। मध्यप्रदेश पुलिस के एडीजी श्रीनिवास वर्मा भी बाइक राइडर्स के साथ कुछ दूरी तक यात्रा करेंगे। सभी प्रतिभागी गुजरात में होने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल होंगे।

नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश

इस बाइक रैली का एक प्रमुख उद्देश्य मादक पदार्थों के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करना भी है। कैलाश मकवाना ने कहा कि नशे का अवैध कारोबार युवाओं और समाज के लिए गंभीर चुनौती है। इससे बचाव के लिए पुलिस और आम नागरिकों को मिलकर प्रयास करने होंगे। मध्यप्रदेश पुलिस पहले भी 'नशे से दूरी है जरूरी' अभियान के जरिए लोगों को जागरूक करती रही है।

सरदार पटेल के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प

सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाती है। गुजरात के एकता नगर में होने वाले समारोह में राष्ट्रीय एकता और देश की अखंडता का संदेश दिया जाएगा। इस वर्ष आयोजन की थीम 'नक्सल मुक्त भारत' रखी गई है। पुलिस महानिदेशक ने रैली के प्रतिभागियों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने और सुरक्षित यात्रा करने की अपील की।