भोपाल में सक्रिय चेन स्नेचिंग गैंग का भंडाफोड़: 2 आरोपी गिरफ्तार, ऐसे देते थे वारदात को अंजाम

भोपाल में सक्रिय चैन स्नेचिंग गिरोह का पर्दाफाश। दो आरोपी गिरफ्तार। 17 लाख की सोने की चेन और वाहन बरामद।

भोपाल में सक्रिय चेन स्नेचिंग गैंग का भंडाफोड़: 2 आरोपी गिरफ्तार, ऐसे देते थे वारदात को अंजाम

भोपाल। राजधानी भोपाल में लगातार हो रही चेन स्नेचिंग की घटनाओं से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। अयोध्या नगर थाना पुलिस ने शहर में सक्रिय एक शातिर चेन स्नेचिंग गैंग का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 17 लाख रुपये की सात सोने की चेन, एक एक्टिवा और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। इसके अलावा पुलिस ने चोरी की चेन खरीदने वाले एक ज्वेलर्स को भी आरोपी बनाया है।

महिलाओं को बनाते थे निशाना

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी शहर के अलग-अलग इलाकों में महिलाओं को निशाना बनाकर चेन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देते थे। अचानक बाइक से आकर झपट्टा मारकर चेन छीन लेते थे और मौके से फरार हो जाते थे। लगातार हो रही इन घटनाओं के कारण कई इलाकों में महिलाओं के बीच डर का माहौल बन गया था।

ऐसे हुआ पूरे गैंग का खुलासा

2 मार्च 2026 को अयोध्या नगर निवासी घनश्याम दास ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी मां गोमती भकौरिया के गले से दो अज्ञात बाइक सवार बदमाश सोने की चेन झपटकर भाग गए। इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम बनाई गई। पुलिस ने इलाके के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिरों की मदद से दो संदिग्धों को भानपुर मल्टी इलाके से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आई कई वारदातें

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अयोध्या नगर और बागसेवनिया इलाके में चेन स्नेचिंग की कई घटनाएं करना स्वीकार किया। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कुल सात चेन स्नेचिंग और एक वाहन चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने इन मामलों का खुलासा करते हुए सभी वारदातों से जुड़ा सामान भी बरामद कर लिया है।

जोमेटो डिलीवरी एजेंट बनकर करते थे रेकी

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले फूड डिलीवरी का काम करते थे। इसी दौरान वे शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमते रहते थे और महिलाओं की रेकी करते थे। मौका मिलने पर बाइक से पहुंचकर चेन स्नेचिंग कर लेते थे। वारदात के बाद वे तुरंत इलाके से निकल जाते थे ताकि पुलिस उन्हें पकड़ न सके।

पहले भी कई मामलों में जा चुके हैं जेल

पुलिस ने बताया कि आरोपी लूटी गई सोने की चेन भोपाल और रीवा में ज्वेलर्स को बेच देते थे। इस मामले में पुलिस ने एक ज्वेलर्स भुवन सोनी को भी आरोपी बनाया है, जिसने चोरी की चेन खरीदी थी।

गिरफ्तार आरोपी निखिल शर्मा (28) और आकाश उर्फ अभिमन्यु सिंह (22) पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। इनके खिलाफ लूट, वाहन चोरी और अन्य अपराधों के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी शराब और महंगे शौक पूरे करने के लिए इस तरह की वारदातों को अंजाम देते थे।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में अयोध्या नगर थाना प्रभारी निरीक्षक महेश लिल्हारे के नेतृत्व में गठित टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने तकनीकी जांच और लगातार निगरानी के बाद आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में चेन स्नेचिंग और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।