भोपाल: रावण दहन और दुर्गा विसर्जन को लेकर गाइडलाइन जारी, 7 हजार से ज्यादा प्रतिमाओं का होगा विसर्जन

भोपाल में रावण दहन और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा के लिए सख्त गाइडलाइन जारी, 7 हजार से ज्यादा प्रतिमाओं का होगा विसर्जन, 5 हजार अधिकारी-कर्मचारी संभालेंगे जिम्मेदारी

भोपाल: रावण दहन और दुर्गा विसर्जन को लेकर गाइडलाइन जारी, 7 हजार से ज्यादा प्रतिमाओं का होगा विसर्जन

राजधानी भोपाल में दुर्गा मूर्ति विसर्जन और विजयदशमी यानि दशहरे को लेकर नगर निगम ने पहली बार गाइड लाइन जारी की है। त्यौहार को देखते हुए घाटों और रावण दहन स्थल पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए है।

न्यू मार्केट में भीषण अग्निकांड

8 अक्टूबर को न्यू मार्केट स्तिथ छोले भटूरे की दुकान में लगी भीषण आग ने आसपास की कई दुकानों को अपनी चपेट में लिया था। इससे करोड़ों का नुकसान हुआ था । इसको ध्यान में रखते हुए और किसी भी अनहोनी से बचने के लिए नगर निगम ने गाइड लाइन जारी कर दुर्गा समिति और रावण दहन समितियों को निर्देश जारी किए हैं।

रावण दहन के लिए गाइडलाइन

रावण दहन स्थलों पर मजबूत बैरिकेडिंग की जाएगी और दर्शकों को सुरक्षित दूरी पर खड़े रहने की व्यवस्था होगी।

दहन स्थल के चारों ओर मजबूत बैरिकेडिंग कर दर्शकों को सुरक्षित दूरी पर रखा जाएगा। पुतलों में केवल लाइसेंसशुदा एवं निर्धारित मात्रा की आतिशबाजी का उपयोग किया जाएगा। बिजली की हाईटेंशन लाइन, आवासीय भवन, पेट्रोल पंप और संकरी गलियों के पास दहन नहीं किया जाएगा। दहन के समय फायर वाहन मौके पर रहेंगे, ताकि दहन के बाद अवशेष को पूरी तरह बुझाया जा सके। बच्चों एवं बुजुर्गों को दहन स्थल के अत्यधिक निकट नहीं जाने दिया जाएगा।

दुर्गा विसर्जन को लेकर गाइडलाइन

प्रतिमाओं का विसर्जन केवल लिस्टेड घाट या कुंड में ही होगा। इनमें रानी कमलापति, खटलापुरा, प्रेमपुरा, भदभदा, हथाईखेड़ा, शाहपुरा और मालीखेड़ी घाट शामिल हैं।

विसर्जन जुलूस निर्धारित मार्ग एवं समय-सीमा में ही निकाले जाएंगे। घाट पर गहरे पानी में स्वयं नहीं उतरें और निगम के तैनात दल एवं क्रेन की सहायता लें। पूजन सामग्री, फूल-मालाएं एवं प्लास्टिक घाट पर रखे निर्धारित पात्रों में ही डालें।

नगर निगम की तैयारी

सभी फायर स्टेशन को अलर्ट मोड पर रखा गया है। अग्निशमन अमले के अवकाश त्योहार अवधि में निरस्त किए गए हैं। प्रमुख रावण दहन स्थल, गरबा स्थल और विसर्जन घाट पर फायर वाहन एवं प्रशिक्षित दल तैनात रहेंगे।

प्रमुख बाजारों न्यू मार्केट, चौक बाजार, इब्राहिमपुरा, बैरागढ़ आदि में फायर हाइड्रेंट सिस्टम की जांच एवं फायर मॉक ड्रिल की जा रही है। विसर्जन घाट पर प्रकाश, बैरिकेडिंग, गोताखोर, क्रेन, नाव एवं साफ-सफाई की व्यवस्था की गई है। 24x7 कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा, जो पुलिस और जिला प्रशासन के साथ समन्वय में कार्य करेगा।

ट्रैफिक गाइडलाइन

ट्रैफिक पुलिस के निर्धारित डायवर्जन एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन करें। सड़क एवं फुटपाथ पर अतिक्रमण, अस्थायी दुकान या वाहन खड़े न करें, ताकि एम्बुलेंस एवं फायर वाहन का रास्ता अवरुद्ध न हो।

जुलूस एवं झांकियों के मार्ग में आपातकालीन वाहनों के लिए लेन खुली रखें। भीड़ वाले बाजारों में अनावश्यक वाहन लेकर न जाएं और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें।

7 हजार से ज्यादा प्रतिमाओं का विसर्जन होगा

शहर में कुल 7 हजार से अधिक प्रतिमाओं का विसर्जन होगा, जो तीन दिन तक चलेगा। इसके लिए प्रशासन ने खटलापुरा, प्रेमपुरा, बैरागढ़, हथाईखेड़ा, शाहपुरा, आर्च ब्रिज, मालीखेड़ी, सीहोर नाका, अनंतपुरा, ईटखेड़ी और नरोन्हा सांकल समेत अन्य प्रमुख घाटों पर व्यवस्थाएं की हैं।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए घाटों पर बैरिकेडिंग की गई है और करीब 5 हजार अधिकारी-कर्मचारी सुरक्षा, सफाई और विसर्जन की जिम्मेदारी संभालेंगे। प्रत्येक घाट पर गोताखोर तैनात हैं और क्रेन, जेसीबी व लाइफ जैकेट की व्यवस्था की गई है।