कोलकाता में TMC नेता अभिषेक बनर्जी के घर पहुंची पुलिस

कोलकाता में अवैध निर्माण मामले को लेकर TMC नेता अभिषेक बनर्जी मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं। KMC के नोटिस के बाद पुलिस टीम उनके घर पहुंची, जबकि अभिषेक ने प्रशासन से 14 दिन का समय मांगा है।

कोलकाता में TMC नेता अभिषेक बनर्जी के घर पहुंची पुलिस

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। सोमवार को कोलकाता पुलिस की एक विशेष टीम अभिषेक बनर्जी के हरीश मुखर्जी रोड स्थित आवास 'शांतिनिकेतन' पहुंची। यह कार्रवाई कोलकाता नगर निगम (KMC) द्वारा दिए गए अवैध निर्माण के नोटिस के बाद की गई है। सूत्रों के मुताबिक, अवैध हिस्से को गिराने (Demolition) का आदेश भी जारी किया जा चुका है, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया।

17 संपत्तियां जांच के दायरे में, KMC ने चिपकाया नोटिस..
कोलकाता नगर निगम के मुताबिक, अभिषेक बनर्जी, उनकी कंपनी और परिवार से जुड़ी कुल 17 संपत्तियां इस वक्त जांच के दायरे में हैं। केएमसी का आरोप है कि इन संपत्तियों के निर्माण में निगम के नियमों का घोर उल्लंघन किया गया है। केएमसी एक्ट, 1980 की धारा 400(1) के तहत इन सभी 17 पतों पर नोटिस चटका दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि केएमसी के असेसमेंट विभाग ने शुरुआत में ऐसी 42 संपत्तियों की सूची तैयार की थी, जिसे बाद में स्क्रूटनी के बाद छांटकर 17 कर दिया गया। जिस '188A हरीश मुखर्जी रोड' वाले आवास पर पुलिस पहुंची है, उसका मालिकाना हक ‘M/s Leaps and Bounds Private Limited’ के पास है। अभिषेक बनर्जी इस कंपनी के मालिक हैं।

अभिषेक बनर्जी ने मांगा 14 दिन का वक्त..
केएमसी के इस कड़े एक्शन के बाद अभिषेक बनर्जी ने रविवार को नगरपालिका अधिकारियों को एक पत्र लिखकर जवाब देने और स्थिति स्पष्ट करने के लिए 14 दिन का समय मांगा है। हालांकि, प्रशासन की तरफ से इस समय सीमा को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान या मंजूरी नहीं दी गई है। दूसरी तरफ, इस पूरे घटनाक्रम पर कोलकाता के मेयर और टीएमसी विधायक फिरहाद हकीम ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि उन्हें इस नोटिस के बारे में कोई जानकारी नहीं है।

चुनावी नतीजों के बाद से ही कड़े एक्शन में प्रशासन..
बंगाल में हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों के नतीजों के बाद से ही राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज है। गौर करने वाली बात यह है कि 4 मई को चुनावी नतीजों के ठीक दो दिन बाद सरकार ने अभिषेक बनर्जी की सुरक्षा में भारी कटौती की थी। उनके हरीश मुखर्जी रोड वाले आवास के बाहर से बैरिकेडिंग, सुरक्षा जांच मशीनें और अतिरिक्त पुलिस बल हटा लिया गया था।

TMC दफ्तरों और क्लॉक टावर पर चल चुका है बुलडोजर..
कोलकाता में अवैध निर्माण को लेकर नगर निगम का बुलडोजर लगातार एक्शन में है। 14 मई: कोलकाता में खेल के मैदान पर कब्जा करके बनाए गए टीएमसी (TMC) के एक दफ्तर और एक क्लॉक टावर को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया गया। इस टावर का उद्घाटन पूर्व मंत्री अरूप विश्वास ने किया था, जो इस बार चुनाव हार चुके हैं। साल 2025 में ही कोर्ट ने इसे गिराने का आदेश दिया था। अभिषेक बनर्जी के घर पुलिस पहुंचने और 17 संपत्तियों पर नोटिस के बाद अब बंगाल की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। देखना होगा कि नगर निगम अभिषेक बनर्जी की 14 दिन की मोहलत वाली अर्जी पर क्या रुख अपनाता है।