रेत माफिया ने वन रक्षक को ट्रैक्टर से कुचला हुई मौत
रेत माफिया ने वन रक्षक को ट्रैक्टर से कुचला मुरैना में अवैध परिवहन रोकने गई थी टीम मर्डर के बाद रेत खाली की फिर भागा आरोपी
मुरैना: रेत माफिया ने अवैध परिवहन पर कार्रवाई करने गई वन विभाग की टीम पर हमला कर दिया। बदमाशों ने वन रक्षक हरकेश गुर्जर को ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचल दिया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात दिमनी थाना इलाके में रानपुर गांव चौराहे के पास 8 अप्रैल की सुबह करीब 6 बजे की है।
पुलिस ने बताया कि अवैध रेत परिवहन की सूचना पर वन विभाग की 6 सदस्यीय टीम कार्रवाई करने पहुंची थी। इसी दौरान ड्राइवर विनोद कोरी ने रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भागने की कोशिश की। वन रक्षक हरकेश गुर्जर रोकने के लिए आगे बढ़े तो विनोद ने उनको कुचल दिया। फिर ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भाग निकला। पास ही बने पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरे में आरोपी विनोद कोरी की तस्वीरें कैद हुई हैं। कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़, एसपी समीर सौरभ और डीएफओ हरिश्चंद्र बघेल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
कृषि मंत्री के बेटे ने की नामजद FIR की मांग
कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना के बेटे बंकू उर्फ कप्तान कंसाना भी पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे। पुलिस अधिकारियों से मामले में नामजद एफआईआर दर्ज करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि दिमनी थाने से मृतक के परिजन को फोन कर जबरन एफआईआर पर साइन करवाए जा रहे हैं।

