मन की बात का 132वां एपिसोड: PM मोदी बोले- जंग के चलते पेट्रोल-डीजल का संकट, चुनौती से निपट रहा भारत
इंदौर में सीएम डॉ. मोहन यादव और भोपाल में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम सुना।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने “मन की बात” के 132वें एपिसोड में अमेरिका-इज़राइल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि इस युद्ध के कारण दुनिया में पेट्रोल और डीज़ल की किल्लत पैदा हो गई है। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे अफवाहों में न आएं और सरकार द्वारा दी जा रही सटीक जानकारी पर भरोसा करें। पीएम मोदी ने कहा कि भारत अपने वैश्विक संबंधों की वजह से इस चुनौती से डटकर निपट रहा है।
पीएम मोदी ने मार्च महीने की वैश्विक हलचल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कोरोना के बाद दुनिया नए सिरे से प्रगति की राह पर बढ़ेगी, ऐसी उम्मीद थी, लेकिन अलग-अलग क्षेत्रों में युद्ध और संघर्ष लगातार बढ़ते रहे। इस बीच, खाड़ी देशों में काम कर रहे लाखों भारतीयों की सुरक्षा और मदद के लिए भी भारत ने अपनी जिम्मेदारी निभाई है। पीएम मोदी ने इन देशों का धन्यवाद किया, जिन्होंने 1 करोड़ से अधिक भारतीयों को हर प्रकार की सहायता प्रदान की।
खेल, किसान और अफवाहों पर भी की बात
खेल के क्षेत्र में पीएम मोदी ने जम्मू-कश्मीर की रणजी टीम की ऐतिहासिक जीत का जिक्र किया। कर्नाटक के हुबली में हुए मुकाबले में टीम ने पहली बार रणजी ट्रॉफी जीती। युवा गेंदबाज आकिब नबी ने 60 विकेट लेकर देशभर में चर्चा बटोरी। इसके साथ ही भारत की टी-20 वर्ल्ड कप में ऐतिहासिक जीत का जिक्र कर देशवासियों में जोश और उत्साह बढ़ाया।
गर्मियों के मौसम में पीएम मोदी ने जल संरक्षण और 'जल संचय अभियान' की महत्वता पर जोर दिया। पिछले 11 सालों में देशभर में लगभग 50 लाख आर्टिफिशियल वॉटर हार्वेस्टिंग संरचनाएँ बनाई गई हैं। उन्होंने मछुआरों को न केवल समुद्र के योद्धा बल्कि आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव कहा। वाराणसी में एक घंटे में 2 लाख 51 हजार पौधे लगाने का नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनने का भी जिक्र किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से एक बार फिर अपील की कि वे जागरूक रहें, अफवाहों से दूर रहें और सरकार द्वारा साझा की जा रही जानकारी पर भरोसा रखें। उनका कहना है कि देशवासियों के सामूहिक प्रयास और साहस से हर संकट का सामना किया जा सकता है।
सीएम और प्रदेश अध्यक्ष ने सुना मन की बात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज इंदौर दौरे पर हैं। इंदौर एयरपोर्ट पर नए टर्मिनल-1 करने के दौरान ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुना। इस दौरान सीएम के साथ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और मंत्री तुलसी सिलावट सहित भाजपा के विधायक मौजूद रहें।

वहीं, राजधानी भोपाल में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने “मन की बात” का 132वां एपिसोड भोपाल मध्य विधानसभा के अरेरा मंडल के बूथ क्रमांक-229 पर कार्यकर्ताओं के साथ सुना। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरूआ, जिला प्रभारी जसवंत सिंह हांडा, पूर्व विधायक ध्रुवनारायण सिंह, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अंशुल तिवारी, मंडल अध्यक्ष अभिषेक पुरोहित, पार्षद अरविंद वर्मा, बूथ अध्यक्ष सुनिल वर्मा और मन की बात प्रभारी सुमित पांडे उपस्थित रहे।

इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने पेट्रोल डीजल को लेकर कहा कि हम सरकार का साथ दें। हमारे पास भरपूर स्टॉक है। कभी भी संकट आता है तो विपक्ष को भी सरकार का साथ देना चाहिए। जब देश में संकट की घड़ी है तो कांग्रेस के लोग राजनीति रोटी सेकते हैं। जब इंदिरा गांधी प्रधानमंत्री थी और ब्लैक आउट देश में किया गया था, तब भाजपा ने कांग्रेस का साथ दिया था। वहीं, भाजपा के अभियान को लेकर हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि 6 तारीख को हमारा स्थापना दिवस होगा। इसी के साथ गांव चलो अभियान की शुरुआत होगी। हर कार्यकर्ता गांव जाकर संवाद करेंगे। हमारे कार्य पद्धति नीचे तक जाए इसके लिए कार्यक्रम शुरू होगा और बाबा साहब के जन्म जयंती तक कार्यक्रम चलेगा।
यह खबर भी पढ़ें - मध्य प्रदेश में BJP का मेगा अभियान, मंत्री से लेकर MP-MLA...
Varsha Shrivastava 
