NEET पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का मशाल प्रदर्शन, सरकार के खिलाफ जमकर की नारेबाजी
मऊगंज में सड़कों पर उतरे कांग्रेसियों ने कहा कि सरकार की व्यवस्था दिन रात मेहनत करने वाले छात्रों को आत्मघाती कदम उठाने की ओर धकेल रही है, दोषियों पर सख्त कार्रवाई होना चाहिए
मऊगंज जिला मुख्यालय में शनिवार की रात पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विशाल मशाल जुलूस निकालकर छात्रों के भविष्य से हो रहे खिलवाड़ का विरोध जताया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि पेपर लीक माफिया और सरकार की लापरवाही के कारण लाखों विद्यार्थियों का भविष्य दांव पर लग गया है।

पार्टी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय से मशाल जुलूस शुरु की जो करीब 2.5 किलोमीटर यात्रा तय कर चाक मोड़ पहुंची। इस दौरान कांग्रेस पार्टी के सैकड़ों की संख्या में प्रदर्शनकारियों ने भारतीय जनता पार्टी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
हाथ में मशाल और लगे सरकार विरोधी नारे
कांग्रेस पार्टी द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन में जिला मुख्यालय मऊगंज में कांग्रेसियों ने हाथों में जलती मशालें और “छात्र विरोधी सरकार मुर्दाबाद” जैसे नारों के बीच सैकड़ों कार्यकर्ता सड़कों पर उतर पड़े। इस दौरान पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना ने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक होना लाखों छात्रों की मेहनत और सपनों के साथ विश्वासघात है।

उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र सालभर कठिन मेहनत करते हैं, लेकिन पेपर लीक माफिया और सरकार की लापरवाही उनकी मेहनत पर पानी फेर देती है। पूर्व विधायक ने कहा कि कई छात्र मानसिक तनाव में हैं और आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं।
दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की उठी मांग
कांग्रेस नेताओं ने मांग करते हुए कहा कि नीट पेपर लीक मामले में केवल बयानबाजी नहीं, बल्कि दोषियों के खिलाफ तत्काल आपराधिक मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। इस दौरान कांग्रेस ने प्रदेश और देश में बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई और पेट्रोल-डीजल संकट को लेकर भी सरकार पर जमकर हमला बोला। मशाल जुलूस प्रदर्शनकारी कांग्रेस नेताओं ने कहा कि युवा रोजगार के लिए परेशान हैं और आम जनता महंगाई से त्रस्त, लेकिन सरकार जनता के मुद्दों से ध्यान भटका रही है।

चाक मोड़ पर समाप्त हुए इस मशाल जुलूस के जरिए कांग्रेस ने संदेश दिया कि छात्रों और युवाओं के हितों की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। जिला मुख्यालय में आयोजित मसाल जुलूस प्रदर्शन में मुख्य रूप से पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना, जिला कांग्रेस कमेटी मऊगंज के अध्यक्ष हरिलाल कोल, पूर्व जिला अध्यक्ष पद्मेश गौतम, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष आशुतोष तिवारी, पार्षद विश्वनाथ मिश्र, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मऊगंज के अध्यक्ष मृत्युंजय चतुर्वेदी, विपिन त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और युवा शामिल हुए।
Varsha Shrivastava 
