MP: कांग्रेस में ट्रेड डील के खिलाफ शुरू करेगी जनमत संवाद अभियान, किसानों को बनाएगी एकजुट

मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी ट्रेड डील के खिलाफ विरोध और जनमत संवाद अभियान चलाएगी। यह अभियान प्रदेश के सभी जिलों में चलेगा। किसानों और आम जनता को जोड़कर सरकार की नीतियों पर खुलकर चर्चा की जाएगी।

MP: कांग्रेस में ट्रेड डील के खिलाफ शुरू करेगी जनमत संवाद अभियान, किसानों को बनाएगी एकजुट

भोपाल। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रेसवार्ता में कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी ट्रेड डील के खिलाफ विरोध और जनमत संवाद अभियान चलाएगी। यह अभियान प्रदेश के सभी जिलों में चलेगा। जिसमें किसानों और आम जनता को जोड़कर सरकार की नीतियों पर खुलकर चर्चा की जाएगी। पटवारी ने बताया कि जनमत संवाद के माध्यम से किसानों को संगठित किया जाएगा और उनके हितों की रक्षा के लिए आवाज उठाई जाएगी।

जीतू पटवारी ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 22 वर्षों में शिवराज सिंह चौहान की सरकार ने कृषि को लाभ का धंधा बनाने का दावा किया, लेकिन किसानों की वास्तविक स्थिति इससे बिल्कुल अलग है। आज प्रदेश के लगभग 90 प्रतिशत किसान कर्ज में डूबे हुए हैं। सोयाबीन और धान की खरीद के लिए किए गए वादे भी पूरे नहीं हुए। पटवारी ने कहा कि कांग्रेस केवल कमियों को उजागर करने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि किसानों की समस्याओं पर सार्थक चर्चा करेगी।

कृषि विभाग में कर्मचारियों की कमी, बजट का 40 प्रतिशत हिस्सा खर्च न होना और केंद्रीय सरकार से मिलने वाले धन में कमी भी चिंता का विषय है। 2025-26 के लिए राज्य को कुल 24,000 करोड़ रुपये मिलने थे, लेकिन अब तक केवल लगभग 9,000 करोड़ ही जारी किए गए हैं। पटवारी ने कहा कि सरकार पिछले साल का हिसाब देने में भी असफल रही है। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखने का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि इसमें कोई गलत सूचना है, तो उन पर मानहानि का दावा किया जा सकता है। पटवारी ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस का मुख्य उद्देश्य किसानों के हितों की लड़ाई और उनके मुद्दों को जनता के सामने लाना है।