पीथमपुर में चीन की कंपनी करेगी ₹272 करोड़ का निवेश
पीथमपुर में चीन की कंपनी करेगी ₹272 करोड़ का निवेश CM मोहन यादव आज करेंगे मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का भूमिपूजन, खुलेंगे रोजगार के रास्ते
इंदौर: चीन की लियूगोंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी धार जिले के पीथमपुर में 272 करोड़ का निवेश करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 8 जुलाई को पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में लियुगोंग इंडिया के नए विनिर्माण संयंत्र का भूमि-पूजन करेंगे। चीन की अग्रणी बहुराष्ट्रीय उपकरण निर्माता कंपनी गुआंग्शी लियुगोंग मशीनरी की भारतीय इकाई द्वारा किया जा रहा यह विस्तार मध्य प्रदेश को निर्माण उपकरण विनिर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। पीथमपुर में यह संयंत्र लगभग 20 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा।
हर साल 6,500 निर्माण उपकरण बनेंगे
प्रारंभिक चरण में प्रतिवर्ष 6,500 निर्माण उपकरणों के उत्पादन की क्षमता होगी। मुख्य रूप से एक्सकेवेटर का निर्माण किया जाएगा। इससे घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा मिलने के साथ आयात पर निर्भरता कम होगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। यह कंपनी व्हील लोडर, एक्सकेवेटर, मोटर ग्रेडर, माइनिंग डंप ट्रक, बुलडोजर, स्किड-स्टियर लोडर, फोर्कलिफ्ट, कोल्ड प्लेनर तथा अन्य आधुनिक निर्माण एवं खनन उपकरणों का निर्माण करती है।
44 एकड़ से अधिक क्षेत्र में स्थापना
कंपनी वर्ष 2008 से पीथमपुर में अपनी विनिर्माण इकाई का संचालन कर रही है। 44 एकड़ से अधिक क्षेत्र में स्थापित इस संयंत्र में प्रतिवर्ष तीन हजार व्हील लोडर एवं मोटर ग्रेडर के निर्माण की क्षमता है। वर्ष 2009 में इसी इकाई से पहला मेड इन इंडिया व्हील लोडर तैयार किया गया था। पीथमपुर स्थित इकाई में अनुसंधान एवं विकास केंद्र व प्रशिक्षण केंद्र भी संचालित हैं, जहां 500 से अधिक भारतीय युवा पेशेवर कार्यरत हैं। यह इकाई मेक इन इंडिया एवं आत्मनिर्भर भारत अभियान के उद्देश्यों को सशक्त बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

