शाजापुर: सरपंच पर अवैध संबंध, मारपीट और जान से मारने की धमकी के आरोप, दो थानों में शिकायत
शाजापुर में एक सरपंच पर पीड़ित ने पत्नी से अवैध संबंध, मारपीट, जान से मारने की धमकी और झूठे मामले में फंसाने के आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने लालघाटी और बेरछा थाने में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शाजापुर। जिले के बेरछा और लालघाटी थाना क्षेत्र में एक ग्राम सरपंच पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। ग्राम टांटा बंजारी निवासी देवेंद्र गिर ने ग्राम टांडा पिन्दोनिया के सरपंच धर्मेंद्र सिंह गुर्जर पर अपनी पत्नी से अवैध संबंध रखने, विरोध करने पर मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत लालघाटी और बेरछा थाने में दर्ज कराई है।
पत्नी को सरपंच की गाड़ी में देखने का दावा
देवेंद्र गिर के अनुसार, 30 जून 2026 की दोपहर करीब 2 बजे उन्होंने अपनी पत्नी को सरपंच की थार गाड़ी में तिलावद से शाजापुर की ओर जाते देखा। उनका दावा है कि पीछा करने पर सरपंच अपनी पत्नी को शाजापुर के ज्योतिनगर क्षेत्र स्थित एक मकान में ले गया।
पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने पत्नी को फोन किया तो कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद सरपंच बाहर आया और कथित रूप से पत्नी को कमरे में बंद कर उनके साथ गाली-गलौज, मारपीट और गला पकड़कर जान से मारने की धमकी दी।
'गांव का सरपंच हूं, कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता'
शिकायत में देवेंद्र गिर ने आरोप लगाया है कि सरपंच ने खुद को गांव का प्रभावशाली व्यक्ति बताते हुए उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह अपने माता-पिता और बेटे आयुष के साथ सुरक्षा की दृष्टि से देवास चले गए।
ग्रामीणों के भरोसे लौटे, फिर पहुंची शिकायत
पीड़ित का कहना है कि बाद में ग्रामीणों ने सुरक्षा का भरोसा दिलाकर उन्हें गांव वापस बुलाया और समझौते के लिए बैठक बुलाई, लेकिन सरपंच वहां नहीं पहुंचे। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ देवेंद्र गिर पहले लालघाटी थाना और फिर बेरछा थाना पहुंचे, जहां उन्होंने लिखित शिकायत दी।
पुलिस ने जांच का दिया आश्वासन
देवेंद्र गिर के अनुसार, दोनों थानों की पुलिस ने मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल उनकी पत्नी अलग रह रही है, जबकि उनका बेटा उनके साथ है।
पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी सरपंच के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि भविष्य में उनके या उनके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित सरपंच की होगी।

