Nepal Flood : नेपाल बाढ़ में भोपाल के एक ही परिवार के 29 लोग लापता, लास्ट कॉल पर बोले- बचने के लिए पहाड़ पर जा रहे ...
Nepal Flood : देवकी अधिकारी ने बताया कि परिवार के लोग जिस बस से यात्रा पर गए थे, वह वहां से निकल चुकी थी। परिवार ने फोन पर बताया था कि वे एक ऐसे मकान की छत पर हैं, जो पानी में आधा डूब चुका..
Bhopal Family Missing Nepal Flood : भोपाल। नेपाल में आई भीषण फ्लैश फ्लड की मार अब भोपाल तक पहुंच गई है। राजधानी के कोलार इलाके का एक 29 सदस्यीय परिवार नेपाल में लापता है। परिवार के सभी लोग तीर्थ यात्रा के लिए रसुवा जिले के गोसाईकुंडा गए थे। 26 अगस्त की सुबह परिजनों से उनकी आखिरी बार बात हुई थी। इसके बाद से सभी के मोबाइल बंद हैं। परिवार के लोगों से संपर्क नहीं होने के कारण भोपाल में उनके परिजनों की चिंता लगातार बढ़ रही है।
छत पर ली थी शरण फिर पहाड़ की ओर गए
परिवार की सदस्य देवकी अधिकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 9.30 बजे उनकी परिजनों से फोन पर बात हुई थी। उस समय उन्होंने बताया था कि इलाके में अचानक बाढ़ आने की जानकारी मिली है।
जान बचाने के लिए उन्होंने एक मकान की छत पर शरण ली थी। कुछ समय बाद उन्होंने बताया कि वे अब सुरक्षित जगह की तलाश में पहाड़ की ओर जा रहे हैं। इसके बाद फोन बंद हो गया। करीब दो दिन से परिवार के किसी सदस्य से कोई संपर्क नहीं हो पाया है।
भोपाल, मध्य प्रदेश: नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा के बीच भोपाल की रहने वाली देविका अधिकारी के परिवार के सदस्य हादसे के बाद से संपर्क में नहीं हैं।
— IANS Hindi (@IANSKhabar) August 27, 2026
देविका अधिकारी ने कहा, "मेरी कल सुबह 9:30 बजे बात हुई थी। मेरे जेठ, जेठानी और देवर देवरानी समेत 29 लोग हैं जो सभी मेरे रिश्तेदार हैं।… pic.twitter.com/nEMPP26hXb
बस निकल गई परिवार वहीं रह गया
देवकी अधिकारी ने बताया कि परिवार के लोग जिस बस से यात्रा पर गए थे, वह वहां से निकल चुकी थी। परिवार ने फोन पर बताया था कि वे एक ऐसे मकान की छत पर हैं, जो पानी में आधा डूब चुका है। उन्होंने अपनी स्थिति को बेहद मुश्किल बताया था।
इसके बाद अचानक बातचीत बंद हो गई। परिजन लगातार नेपाल में संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्हें अब भी उम्मीद है कि सभी लोग सुरक्षित होंगे और जल्द कोई जानकारी मिलेगी।
रिश्तेदार और परिचित घर पहुंच रहे
घटना की जानकारी मिलने के बाद कोलार स्थित परिवार के घर पर रिश्तेदार और परिचित पहुंच रहे हैं। एक परिचित ने बताया कि परिवार के करीब 28 से 29 लोग नेपाल गए थे। टीवी और सोशल मीडिया के जरिए नेपाल में हुई तबाही की जानकारी मिलने के बाद वे सीधे परिवार से मिलने पहुंचे। घर पर मौजूद लोग लगातार फोन और दूसरे माध्यमों से नेपाल में फंसे लोगों की जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहे हैं।
भोपाल, मध्य प्रदेश: एक व्यक्ति ने कहा, "देवकी अधिकारी से हमारी मित्रता है। हम एक ही समाज के हैं। कल शाम मुझे पता चला कि ऐसा हुआ है। हमने नेपाल की तबाही तो टीवी में देखी। हमें पता चला कि देवकी जी के परिवार के साथ ऐसा हो गया है। इसलिए हम यहां आ गए हैं। हमने इन्हें कॉल भी नहीं की,… pic.twitter.com/h0aEJAeonI
— IANS Hindi (@IANSKhabar) August 27, 2026
सरकारी हेल्पलाइन से भी संपर्क
परिवार के सदस्य नेपाल में संबंधित अधिकारियों और राहत एजेंसियों से संपर्क कर रहे हैं। मध्य प्रदेश सरकार की ओर से जारी कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन के माध्यम से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
हालांकि अभी तक 29 लोगों के बारे में कोई पुख्ता सूचना नहीं मिली है। नेपाल में राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। फ्लैश फ्लड के कारण कई सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिससे दूरदराज के इलाकों तक पहुंचना मुश्किल बना हुआ है।
नेपाल में सैकड़ों लोग अब भी लापता
नेपाल-तिब्बत सीमा क्षेत्र में आई फ्लैश फ्लड ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। 28 अगस्त की रिपोर्टों के अनुसार, नेपाल और तिब्बत में कुल 1,468 लोग लापता बताए गए हैं। इनमें करीब 290 भारतीय नागरिक भी शामिल हैं।
भारत सरकार नेपाल के साथ मिलकर प्रभावित भारतीयों का पता लगाने और उन्हें सुरक्षित निकालने की कोशिश कर रही है। ऐसे हालात में भोपाल के इस परिवार के परिजन भी अपनों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

