US-Iran तनाव के बीच ट्रम्प ने किया जंग खत्म होने का दावा, ईरान बोला- हमने कोई फैसला नहीं लिया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का दावा- ईरान के साथ जंग खत्म, तेहरान बोला- शांति समझौते पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि अमेरिका और ईरान के बीच चल रहा संघर्ष अब समाप्त हो चुका है। शुक्रवार को एक वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका ने ईरान के साथ युद्ध खत्म कर दिया है और अब ईरान कभी परमाणु हथियार नहीं बना सकेगा। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के सर्वोच्च नेता मुजतबा खामेनेई ने एक नई शांति डील को मंजूरी दे दी है।
ईरान ने ट्रम्प के दावों को खारिज कर दिया
ट्रम्प के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते पर इसी सप्ताह यूरोप में हस्ताक्षर हो सकते हैं। उन्होंने संकेत दिया कि यदि बातचीत सफल रहती है तो अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी इस प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।
हालांकि, ईरान ने ट्रम्प के दावों को खारिज कर दिया है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघई ने कहा कि शांति समझौते को लेकर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है और बातचीत जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी समझौते की आधिकारिक पुष्टि ईरान की ओर से नहीं की गई है।
तनाव के बीच पिछले 24 घंटे में क्या-क्या हुआ
इस बीच क्षेत्र में तनाव लगातार बना हुआ है। पिछले 24 घंटों के दौरान अमेरिकी सैन्य कार्रवाई में भारतीय क्रू वाले एक जहाज पर हमला होने की खबर सामने आई, जिसमें तीन भारतीय नाविकों की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं, होर्मुज जलडमरूमध्य के पास चार दिनों में तीन जहाजों पर हमले किए गए, जिन पर बड़ी संख्या में भारतीय चालक दल के सदस्य सवार थे।
इन घटनाओं के बाद भारत ने अमेरिकी राजदूत को तलब कर जहाजों पर हमले रोकने की मांग की है। दूसरी ओर, ट्रम्प ने पहले ईरान के तेल ठिकानों पर बड़े हमले की धमकी दी थी, लेकिन बाद में कहा कि ईरानी नेतृत्व के साथ बातचीत में प्रगति होने के कारण नए हवाई हमलों का फैसला फिलहाल टाल दिया गया है।
Varsha Shrivastava 
