Twisha Sharma Death Case: ट्विशा मौत मामला: मोहन यादव ने दिया न्याय का भरोसा, विवेक तन्खा ने उठाई CBI जांच की मांग
भोपाल में चर्चित ट्विशा शर्मा मामले को लेकर मृतका के परिजनों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मंत्रालय में मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस मामले में हरसंभव सहायता करेगी और जांच के लिए सीबीआई को पत्र भी लिखा जाएगा।
भोपाल। एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा मौत मामले में बुधवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। भोपाल कोर्ट ने दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने की मांग को फिलहाल खारिज कर दिया है। हालांकि कोर्ट ने पुलिस को निर्देश दिए हैं कि ट्विशा के शव को ऐसी मॉर्च्युरी में सुरक्षित रखा जाए, जहां वह डीकंपोज न हो।
इधर, मध्य प्रदेश सरकार ने मामले की जांच CBI से कराने के लिए केंद्र सरकार को पत्र लिखने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ट्विशा शर्मा के परिजनों से मुलाकात के दौरान यह आश्वासन दिया। साथ ही, सरकार ट्विशा की सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह की जमानत रद्द कराने के लिए भी कोर्ट में आवेदन देगी।

CM मोहन यादव ने परिजनों को दिया भरोसा
ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा रिटायर्ड सैनिकों के साथ मुख्यमंत्री आवास पहुंचे थेमुलाकात के दौरान ट्विशा शर्मा के परिजनों ने मुख्यमंत्री के सामने अपनी मांगें रखीं और निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संवेदनशीलता दिखाते हुए कहा कि इस संवेदनशील प्रकरण में परिवार को न्याय दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने परिजनों से कहा कि मामले की तह तक जाने और दूध का दूध, पानी का पानी करने के लिए राज्य सरकार जल्द ही केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से जांच कराने की सिफारिश करते हुए पत्र भेजेगी।

पति समर्थ सिंह के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी
भोपाल पुलिस ने ट्विशा के पति समर्थ सिंह के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दिया है। पुलिस कमिश्नर संजय सिंह ने बताया कि SIT मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि पुलिस को दूसरे पोस्टमॉर्टम पर कोई आपत्ति नहीं है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। ट्विशा के गले पर मिले निशान बेल्ट से फांसी लगाने के बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार मौत के दो दिन के भीतर ही FIR दर्ज कर ली गई थी।
रिटायर्ड सैनिकों ने निकाली बाइक रैली
मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर बुधवार को भोपाल में रिटायर्ड सैनिकों ने बाइक रैली निकाली। प्रदर्शनकारी लाल परेड ग्राउंड पहुंचे और स्पेशल डीजी अनिल कुमार शर्मा को मांगपत्र सौंपा।
रिटायर्ड जनरल श्याम सुंदर श्रीवास्तव ने बताया कि ट्विशा के परिवार की पांच प्रमुख मांगें अधिकारियों के सामने रखी गई हैं। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि पुलिस पर किसी भी प्रकार का दबाव नहीं है।

इस आश्वासन के बाद पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता के प्रति आभार व्यक्त किया है। अब देखना होगा कि इस मामले में सीबीआई जांच को लेकर केंद्र सरकार की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।
कांग्रेस नेता विवेक तन्खा ने उठाई CBI जांच की मांग
मामले में सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता और कांग्रेस के राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है. विवेक तन्खा ने कहा कि परिजन पिछले आठ दिनों से न्याय के लिए परेशान हैं. परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों और उठाई गई शंकाओं को देखते हुए निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई जांच जरूरी है. तन्खा के पत्र के बाद मामला राजनीतिक रंग भी लेने लगा है. वहीं, राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी मामले का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन और पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा से मामले में रिपोर्ट तलब की है.

