व्हाइट हाउस ने जारी की ट्रंप की मेडिकल रिपोर्ट: 80 की उम्र में भी राष्ट्रपति की जिम्मेदारियां निभाने के लिए पूरी तरह फिट

व्हाइट हाउस ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई मेडिकल रिपोर्ट जारी की है, जिसके अनुसार, ट्रम्प कोलेस्ट्रॉल और हार्ट की सुरक्षा के लिए तीन दवाएं ले रहे हैं। 22 डॉक्टरों की टीम ने उनका चेकअप किया, जिसमें कई बड़े टेस्ट शामिल थे।

व्हाइट हाउस ने जारी की ट्रंप की मेडिकल रिपोर्ट: 80 की उम्र में भी राष्ट्रपति की जिम्मेदारियां निभाने के लिए पूरी तरह फिट

व्हाइट हाउस ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई मेडिकल रिपोर्ट शुक्रवार को जारी की है। रिपोर्ट के अनुसार, 80 साल के होने वाले ट्रंप की सेहत अच्छी और स्थिर बताई गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि ट्रंप इस समय कोलेस्ट्रॉल और हार्ट की सुरक्षा के लिए तीन दवाएं ले रहे हैं। इनमें दो दवाएं ‘रोसुवास्टैटिन’ और ‘एजेटिमिब’ कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करने के लिए दी जा रही हैं, जबकि एक कम डोज वाली ‘एस्पिरिन’ दिल से जुड़ी बीमारियों से बचाव के लिए ली जा रही है।

व्हाइट हाउस के डॉक्टर शॉन पी. बारबाबेला ने बताया कि ट्रंप पूरी तरह फिट हैं और राष्ट्रपति पद की जिम्मेदारियां निभाने में सक्षम हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि उनके दिल, फेफड़े और दिमाग की सेहत मजबूत स्थिति में है। साथ ही उनका वजन बढ़ने पर उन्हें डाइट और एक्सरसाइज की सलाह दी गई है।

 22 स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की टीम ने किया इलाज

ट्रंप का यह हेल्थ चेकअप मंगलवार को वॉल्टर रीड नेशनल मिलिट्री मेडिकल सेंटर में किया गया था। व्हाइट हाउस ने बताया कि इस दौरान कुल 22 डॉक्टरों ने उनकी पूरी जांच की। इसमें सीटी स्कैन, दिल की जांच, कैंसर की स्क्रीनिंग और कई तरह के जरूरी टेस्ट शामिल थे। रिपोर्ट में हाथों पर दिखे निशानों और पैरों की सूजन का भी जिक्र है। साथ ही ‘कार्डियक एज’ को उनकी असली उम्र से कम बताया गया है, हालांकि इस पर कुछ विशेषज्ञों ने सवाल भी उठाए हैं।

रिपोर्ट में कहा गया है कि ट्रंप की दिमागी और शारीरिक हालत बहुत अच्छी है। डॉक्टरों के अनुसार उनका बिजी शेड्यूल, लगातार मीटिंग्स, पब्लिक इवेंट्स और फिजिकल एक्टिविटी उनकी सेहत को सपोर्ट करते हैं। 

ट्रंप को वजन घटाने की सलाह दी

मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार ट्रंप का वजन अब 238 पाउंड यानी लगभग 108 किलो है। अप्रैल 2025 की पिछली जांच में उनका वजन 224 पाउंड यानी करीब 101.6 किलो था। उनकी लंबाई 6 फीट 3 इंच बताई गई है। डॉक्टर बारबाबेला ने उन्हें वजन कम करने, अच्छी डाइट लेने और ज्यादा एक्सरसाइज करने की सलाह दी है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि उन्हें दिल की सेहत और वजन को लेकर जरूरी सलाह दी गई है।

हाथों पर दिख रहे निशानों की वजह बताई गई

ट्रंप के हाथों पर दिखाई देने वाले निशानों पर पहले कई सवाल उठ चुके हैं। मेडिकल रिपोर्ट में इसका कारण भी बताया गया है। डॉक्टर के मुताबिक ज्यादा लोगों से हाथ मिलाने और एस्पिरिन लेने की वजह से ये हल्के निशान बने हैं।

हालांकि कुछ दूसरे डॉक्टरों ने इस बात पर सवाल भी उठाए हैं। उनका कहना है कि ये निशान ज्यादा बाएं हाथ पर दिखते हैं, जबकि ट्रंप ज्यादा काम दाएं हाथ से करते हैं।

ट्रंप सबसे उम्रदराज राष्ट्रपति नेताओं में शामिल

डोनाल्ड ट्रम्प 14 जून को 80 साल के हो जाएंगे। इसी वजह से वह अमेरिकी इतिहास के उन नेताओं में आते हैं, जिन्होंने काफी ज्यादा उम्र में राष्ट्रपति पद संभाला। पिछले समय में उनकी सेहत को लेकर पैरों में सूजन, थकान और गर्दन पर रैश जैसी बातें चर्चा में रही हैं।

व्हाइट हाउस के अनुसार ट्रम्प को ‘क्रॉनिक वेनस इंसफिशिएंसी’ है, जो उम्र से जुड़ी एक सामान्य समस्या है और इसमें पैरों में ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित होता है। गर्दन पर दिखे रैश को डॉक्टरों ने स्किन ट्रीटमेंट का असर बताया था। इसके बावजूद ट्रंप और उनकी टीम का कहना है कि उनकी सेहत बिल्कुल ठीक है और वह खुद को पूरी तरह फिट बताते हैं।

रिपोर्ट में ‘कार्डियक एज’ का भी जिक्र

व्हाइट हाउस की मेडिकल रिपोर्ट में एक अलग बात भी सामने आई है। डॉक्टर बारबाबेला के अनुसार, इलेक्ट्रोकार्डियोग्राम की जांच से पता चला कि ट्रम्प के दिल की ‘कार्डियक एज’ उनकी असली उम्र से करीब 14 साल कम है। कुछ विशेषज्ञ डॉक्टरों ने इस तरह की जानकारी को मेडिकल रिपोर्ट में शामिल करने को थोड़ा असामान्य बताया है।

ट्रंप ने चेकअप के बाद अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा था- उनका 6 महीने का फिजिकल टेस्ट पूरा हो गया है और सभी रिपोर्ट्स बिल्कुल ठीक आई हैं। लेकिन कुछ डॉक्टरों ने “6 महीने के फिजिकल” वाले बयान पर सवाल उठाए हैं। हार्वर्ड मेडिकल स्कूल की प्रोफेसर इशानी गांगुली का कहना है कि आमतौर पर पूरा फिजिकल चेकअप साल में एक बार होता है, जबकि छह महीने का टेस्ट सिर्फ फॉलोअप माना जाता है, उसे फुल फिजिकल नहीं कहा जाता।