तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आकर युवक गंभीर रूप से घायल, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

सिंगरौली के वैढ़न क्षेत्र अंतर्गत रिलायंस कन्वेयर पुल (परसौना) के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से अमलोरी निवासी प्रकाश शाह के बेटे के सिर में गंभीर चोट आई है। हादसे के बाद युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है। स्थानीय लोगों और ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आकर युवक गंभीर रूप से घायल, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
google

घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि रिलायंस कन्वेयर मार्ग पर लगातार भारी वाहनों और तेज रफ्तार ट्रकों का संचालन होता है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद प्रशासन और संबंधित कंपनियों द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में न तो पर्याप्त सुरक्षा संकेतक लगाए गए हैं और न ही वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए कोई व्यवस्था की गई है। लोगों का कहना है कि स्कूल जाने वाले बच्चों, मजदूरों और स्थानीय ग्रामीणों को रोज जान जोखिम में डालकर सड़क पार करनी पड़ती है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के कारण क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।

चक्काजाम कर रहे ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि कन्वेयर सड़क पर भारी वाहनों की गति सीमा तय की जाए, दुर्घटना संभावित स्थानों पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेत लगाए जाएं तथा नियमित रूप से पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाई जाए। ग्रामीणों ने यह भी चेतावनी दी कि यदि सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आगे और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

सड़क हादसे और जाम की सूचना मिलते ही बैढ़न कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन पर जाम समाप्त कराया गया।

कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि घायल युवक को अस्पताल भेज दिया गया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस फिलहाल उस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है, जिसकी चपेट में आने से युवक घायल हुआ। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर वाहन चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन चालक को चिन्हित कर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।