मैहर में 78 हजार की अवैध शराब जब्त, 2 तस्कर गिरफ्तार भेजे गए जेल 

कोलगवां पुलिस की कार्रवाई: ताला तोड़कर घर से 62 हजार की अंग्रेजी शराब जब्त, दो आरोपी फरार

मैहर में 78 हजार की अवैध शराब जब्त, 2 तस्कर गिरफ्तार भेजे गए जेल 

सतना जिले से अवैध शराब जब्त करने को लेकर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के 2 अलग-अलग मामले सामने आए हैं। 

पहला मामला: ताला तोड़कर 63 लीटर अवैध शराब जब्त 

सतना। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोलगवां पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान से 63 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 62 हजार रुपये बताई गई है। मामले में दो आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शराब के अवैध कारोबार से जुड़े संतोष कुमार जायसवाल उर्फ संजू और विकास जायसवाल ने सीताराम पेट्रोल पंप के पीछे उतैली स्थित अपने मकान में भारी मात्रा में अवैध शराब का भंडारण कर रखा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन उस समय मकान में ताला लगा हुआ था।

पुलिस ने आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया। इसी दौरान दोनों आरोपी पुलिस को देखकर फरार हो गए। पुलिस ने उनका पीछा किया, लेकिन वे पकड़ में नहीं आए। इसके बाद नियमानुसार मकान का ताला तोड़कर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान घर के अंदर सात कार्टून में रखी 63 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने पूरी शराब जब्त कर ली है और फरार आरोपियों संतोष कुमार जायसवाल एवं विकास जायसवाल के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

दूसरा मामला: बंद पड़ी बर्फ फैक्ट्री में अवैध शराब का जखीरा

सतना। धार्मिक नगरी मैहर के नगरीय क्षेत्र में शराब की बिक्री पर प्रतिबंध होने के बावजूद अवैध शराब का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन तस्कर नए-नए ठिकानों से शराब का भंडारण और सप्लाई कर रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को मैहर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बंद पड़ी बर्फ फैक्ट्री में छापा मारकर 64 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की तथा दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

मैहर कोतवाली थाना प्रभारी अनिमेष द्विवेदी ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वार्ड क्रमांक 15 स्थित एक बंद पड़ी बर्फ फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में अवैध शराब रखी गई है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल एक टीम गठित की और बताए गए स्थान पर दबिश दी।

छापेमारी के दौरान फैक्ट्री परिसर में कागज के कई खाली और भरे हुए कार्टून मिले। पुलिस ने संदेह के आधार पर भरे हुए कार्टूनों की तलाशी ली। जांच में 11 कार्टूनों के भीतर विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब रखी मिली। कुल 64 लीटर शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 78 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस जांच में सामने आया कि बरामद शराब को मैहर नगर क्षेत्र में अवैध रूप से सप्लाई करने की तैयारी थी। मामले में पुलिस ने सिंधी कॉलोनी निवासी मुकेश सचदेव उर्फ मुक्कू पिता शंकरलाल सचदेव तथा दिलीप सहानी पिता नत्थूमल सहानी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में एएसआई अरविंद द्विवेदी, प्रधान आरक्षक रविन्द्र अवस्थी, जय बागरी, राजेन्द्र सिंह, सोमेश सिंह, हिमांशु कुमार और मोहित वैष्णव सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त अन्य लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।