सिंगरौली: अंबेडकर चौक पर दो पक्षों में मारपीट, बीच रोड पर देर तक चला हंगामा
वैढ़न के गनियारी स्थित मजदूरों के जुटान स्थल अंबेडकर चौक पर विवाद लात-घूंसों में बदला
सिंगरौली। जिला मुख्यालय वैढ़न के गनियारी स्थित अंबेडकर चौक पर रविवार सुबह उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब किसी बात को लेकर दो महिला पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते यह विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसों, धक्का-मुक्की और बाल खींचने जैसी स्थिति बन गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि किस तरह सार्वजनिक स्थान पर मारपीट हो रही है।
दो पक्षों में कहासुनी के बाद शुरु हुआ विवाद...
मिली जानकारी के अनुसार अंबेडकर चौक पर प्रतिदिन सुबह बड़ी संख्या में मजदूर काम की तलाश में एकत्रित होते हैं। दूर-दराज़ क्षेत्रों से आए लोग यहां रोजगार की उम्मीद में पहुंचते हैं, जिसके कारण सुबह के समय भारी भीड़ रहती है। इसी भीड़भाड़ के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो धीरे-धीरे विवाद में बदल गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया, वहीं कुछ लोग मोबाइल से पूरी घटना का वीडियो बनाते भी नजर आए। थोड़ी देर के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस और प्रशासन ने कही जांच की बात...
स्थानीय लोगों का कहना है कि अंबेडकर चौक पर मजदूरों के लगातार एकत्र होने के कारण आए दिन जाम, अव्यवस्था और विवाद जैसी स्थिति उत्पन्न होती रहती है। इससे न केवल यातायात प्रभावित होता है बल्कि कई बार इस तरह की घटनाएं भी सामने आती हैं।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मजदूरों के लिए किसी वैकल्पिक और व्यवस्थित स्थान की व्यवस्था की जाए, ताकि उन्हें काम की तलाश में सुविधा मिले और अंबेडकर चौक पर भीड़भाड़ सहित विवाद जैसी स्थितियों से बचा जा सके। साथ ही स्थानीय लोगों ने सुझाव दिया है कि पास ही स्थित प्लाजा क्षेत्र में पर्याप्त खाली स्थान मौजूद है, जहां मजदूरों के लिए बेहतर व्यवस्था की जा सकती है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से इस मामले में जांच की बात कही जा रही है और विवाद के वास्तविक कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
Varsha Shrivastava 
