धवारी में धर्मांतरण के आरोप पर हंगामा : मकान में मिले 50 लोग, पैसे - नौकरी का लालच देकर धर्मांतरण कराने का आरोप
Satna Conversion Case : बजरंग दल के जिला संयोजक सचिन शुक्ला ने आरोप लगाया कि उन्हें सूचना मिली थी कि मकान में महिलाओं और पुरुषों को पैसे व नौकरी का लालच देकर और डराकर धर्मांतरण कराया जा रहा है।
Satna Conversion Case : मध्य प्रदेश। सतना शहर के चांदमारी रोड धवारी में रविवार सुबह धर्मांतरण के आरोप को लेकर हंगामा हो गया। रामनरेश चौधरी के मकान में धर्मांतरण कराए जाने की सूचना पर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और नारेबाजी करने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस बल भी पहुंच गया। पुलिस को मकान के अंदर करीब 50 लोगों के मौजूद होने की जानकारी मिली। मामले में पुलिस ने लगभग 6-7 लोगों को हिरासत में लेकर थाने में पूछताछ शुरू कर दी है।
पैसे - नौकरी का लालच देकर कराया जा रहा धर्मांतरण
बजरंग दल के जिला संयोजक सचिन शुक्ला ने आरोप लगाया कि उन्हें सूचना मिली थी कि मकान में महिलाओं और पुरुषों को पैसे व नौकरी का लालच देकर और डराकर धर्मांतरण कराया जा रहा है। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी और विहिप-बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। वहां कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए नारेबाजी की!
मामले की जांच कर रही पुलिस
हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की और मकान के अंदर मौजूद लोगों की जानकारी जुटाई। इसके बाद कुछ लोगों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल धर्मांतरण के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की जांच और पूछताछ के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

