सागर हादसे के बाद इंदौर में अवैध शराब पर बड़ा शिकंजा, 3 दिन में ₹1.10 करोड़ की शराब जब्त

जहरीली शराब कांड के बाद एक्शन में आबकारी विभाग, इंदौर में 3 दिन में 1,000 पेटी अवैध शराब बरामद

सागर हादसे के बाद इंदौर में अवैध शराब पर बड़ा शिकंजा, 3 दिन में ₹1.10 करोड़ की शराब जब्त

सागर में जहरीली शराब पीने से 22 लोगों की मौत के बाद पूरे मध्य प्रदेश में आबकारी विभाग अलर्ट मोड पर है। इंदौर में भी अवैध शराब के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। पिछले 3 दिनों में आबकारी विभाग ने 1 करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक कीमत की करीब 1,000 पेटी अवैध शराब जब्त की है। वहीं पिछले एक महीने में जब्त शराब की कुल कीमत 2.5 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुकी है। राहत की बात यह है कि इंदौर जिले में अब तक जहरीली शराब से जुड़ा कोई मामला सामने नहीं आया है।

इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि आबकारी विभाग को मिल रही सूचनाओं के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। अवैध शराब के भंडारण, परिवहन और बिक्री से जुड़े लोगों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। हाल ही में बायपास क्षेत्र में एक कंटेनर से करीब 55 लाख रुपये कीमत की हरियाणा निर्मित शराब जब्त की गई थी। इसके बाद रविवार रात भी अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई। लगातार कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग संदिग्ध वाहनों और ठिकानों पर नजर रखे हुए है तथा मुखबिर तंत्र से मिल रही सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई कर रहा है। कलेक्टर ने कहा कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।