राहुल गांधी को पूर्व कांग्रेस नेता का खुला पत्र, बिना सबूत आरोप लगाने पर उठाए सवाल

पूर्व कांग्रेस नेता राकेश सिंह यादव का राहुल गांधी पर निशाना, बोले—तथ्यों के आधार पर करे विपक्ष की राजनीति

राहुल गांधी को पूर्व कांग्रेस नेता का खुला पत्र, बिना सबूत आरोप लगाने पर उठाए सवाल

इंदौर। मध्य प्रदेश कांग्रेस के पूर्व महासचिव और पूर्व कांग्रेस नेता राकेश सिंह यादव ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को खुला पत्र लिखकर कांग्रेस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वर्षों से केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री और गृहमंत्री पर कई गंभीर आरोप लगाए, लेकिन उन्हें तथ्यों और सबूतों के साथ साबित नहीं कर सकी। यादव ने इसे राजनीतिक अपरिपक्वता बताया और पार्टी को तथ्य आधारित विपक्ष की भूमिका निभाने की सलाह दी। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर भी मनगढ़ंत आरोप लगाने का आरोप लगाते हुए उनकी कार्यशैली की आलोचना की।

दरअसल, राकेश सिंह यादव ने अपने पत्र में कहा कि 2013 से 2026 तक राहुल गांधी ने नोटबंदी, जीएसटी, राफेल, मणिपुर हिंसा, जातीय जनगणना, संविधान, चुनावी बॉन्ड, पेगासस, ईडी-सीबीआई और वोट चोरी जैसे कई मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरा, लेकिन किसी भी मामले में आरोपों को प्रमाणित नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि विपक्ष की विश्वसनीयता केवल तथ्य और वैकल्पिक समाधान पेश करने से ही बनती है।

राकेश यादव ने राहुल गांधी से सलाहकारों की कार्यशैली की समीक्षा करने और कांग्रेस को बचाने के लिए नीति एवं नीयत में सुधार करने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने जीतू पटवारी को "रीलबाज नेता" बताते हुए कहा कि उनकी राजनीति से मध्य प्रदेश में कांग्रेस को नुकसान हुआ है। बता दें, 3 जुलाई को राकेश सिंह यादव ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफे के बाद भी उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस नेतृत्व पर तीखे आरोप लगाए थे। वहीं, कांग्रेस संगठन का कहना था कि राकेश सिंह यादव को पार्टी से निष्कासित किया गया है और इसको लेकर एक पत्र भी जारी किया गया था।

पूरी खबर यहां पढ़ें - राकेश सिंह यादव ने छोड़ी कांग्रेस, राहुल गांधी को धृतराष्ट्र-जीतू...