रीवा में पूर्व विधायक श्यामलाल द्विवेदी बछड़ा लेकर पहुंचे कलेक्टर कार्यालय, गाय को राष्ट्रीय पशु बनाने की मांग
रीवा में बीजेपी के पूर्व विधायक श्यामलाल द्विवेदी गाय का बछड़ा लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग की।
रीवा. रीवा में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक श्यामलाल द्विवेदी सोमवार को एक अलग अंदाज में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। उन्होंने अपने हाथों में गाय का बछड़ा उठाकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा और गाय को भारत का राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग की।
पूर्व विधायक अपने समर्थकों के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से बछड़े को गोद में लेकर अपनी मांग को प्रमुखता से रखा। इस दौरान उन्होंने कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
श्यामलाल द्विवेदी ने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति, आस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। उनका कहना है कि देश में गाय को विशेष सम्मान प्राप्त है, इसलिए उसे राष्ट्रीय पशु का दर्जा दिया जाना चाहिए।
उन्होंने केंद्र सरकार से इस विषय पर जल्द निर्णय लेने की अपील की। साथ ही कहा कि इस मांग को लेकर देशभर में जनजागरण अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस पहल से जुड़ सकें।
कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन प्राप्त करने के बाद रीवा कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने नियमानुसार ज्ञापन को आगे प्रेषित किए जाने की बात कही।
Anubhav Dubey 
