सतना में भीख मांगने वाली नाबालिग से दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार
सतना में भीख मांगकर गुजारा करने वाली नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने मदद का झांसा देकर वारदात करने वाले आरोपी रज्जन शाह को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
सतना. सतना जिले में भीख मांगकर जीवनयापन करने वाली एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी डीएसपी रवीन्द्र द्विवेदी ने बताया कि रविवार को नाबालिग लड़की कुछ लोगों के साथ थाने पहुंची और अपनी आपबीती सुनाई। पीड़िता ने बताया कि वह भीख मांगकर अपना गुजारा करती है। कुछ दिन पहले वह भीख मांगने निकली थी, तभी आरोपी रज्जन शाह मदद का झांसा देकर उसे अपने साथ ले गया।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी उसे सुनसान स्थान पर ले गया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी ने किसी को घटना की जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुछ ही घंटों में रज्जन शाह (35 वर्ष), निवासी टिकुरिया टोला कब्रिस्तान के पास, थाना कोलगवां को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में एसआई बेबी तरन्नुम, आरक्षक रमाकांत शर्मा, महिला आरक्षक प्रियंका चतुर्वेदी और एकता श्रीवास्तव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Anubhav Dubey 
